निर्देशक सैम मेंडेस 'द बीटल्स' के चार सदस्यों पर चार अलग-अलग बायोपिक बना रहे हैं। इन फिल्मों की शूटिंग 2027 की शुरुआत में ऋषिकेश और वाराणसी में होने की बात कही जा रही है। प्रोजेक्ट से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक शूटिंग की अनुमति मिल चुकी है और तैयारियां जोरों पर हैं। हालांकि, भारतीय प्रोडक्शन टीम या स्थानीय अधिकारियों की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।
फरवरी 1968 में जॉन लेनन, पॉल मेकार्टनी, जॉर्ज हैरिसन और रिंगो स्टार ऋषिकेश पहुंचे थे और उन्होंने महर्षि महेश योगी के आश्रम में भावातीत ध्यान सीखा था। वहां रहने के दौरान बैंड के सदस्यों ने कई गाने लिखे, जिनमें से कुछ बाद में उनके मशहूर एल्बम 'द व्हाइट एल्बम' में शामिल हुए। रिंगो स्टार सबसे पहले ऋषिकेश से रवाना हुए, उनके बाद पॉल मेकार्टनी भी चले गए, जबकि जॉन लेनन और जॉर्ज हैरिसन अप्रैल 1968 तक वहां रुके रहे।
पिछले महीने ब्रिटिश निर्माता एलेक्जेंड्रा डर्बीशायर और लोकेशन मैनेजर एम्मा पिल के नेतृत्व में एक अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल भारत आया था और संभावित लोकेशन्स का जायजा लिया था। टीम ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की और ऋषिकेश की चौरासी कुटिया समेत कई जगहों पर शूटिंग की योजना साझा की। चौरासी कुटिया को 'बीटल्स आश्रम' के नाम से भी जाना जाता है।
हर फिल्म में बैंड के एक सदस्य की कहानी उसके अपने नजरिए से दिखाई जाएगी। हैरिस डिकिंसन जॉन लेनन, पॉल मेस्कल पॉल मेकार्टनी, बैरी केओघन रिंगो स्टार और जोसेफ क्विन जॉर्ज हैरिसन की भूमिका निभाएंगे। फिल्म में भारतीय संगीतकार पंडित रवि शंकर से जुड़ा हिस्सा भी दिखाया जा सकता है, जिनका किरदार फरहान अख्तर निभाएंगे। सैम मेंडेस ने इस प्रोजेक्ट का ऐलान साल 2024 में किया था।
