चेन्नई: तमिलनाडु में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शनिवार को थिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपाथून पर कार्तिगई दीपम प्रज्जवलित किया गया। पहाड़ी पर शाम पांच बजे दीपम जलाया गया। यह प्रक्रिया रिटायर्ड हाई कोर्ट जज जस्टिस एस वैद्यनाथन और जस्टिस वी पार्थिबन की मौजूदगी में पूरी हुई। सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को दीप प्रज्जवलित न किए जाने पर कड़ा रुख अपनाया था, जिसके बाद कोर्ट ने दो रिटायर्ड जजों को मंदिर का प्रशासन संभालने के लिए नियुक्त किया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले की सराहना करते हुए एक्स पर लिखा था कि भगवान मुरुगन की जय। जलते हुए दीपम को देखने के लिए मदुरै में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और खुशी में पटाखे फोड़े। इससे पहले जब सीआरपीएफ के जवान दीपम जलवाने के लिए पहुंचे थे, तो उन पर फूल बरसाए गए थे।
थिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर पत्थर के स्तंभ पर कार्तिगई दीपम प्रज्जवलित होते ही लोगों ने जश्न मनाया। इस मौके पर कुछ लोग भावुक हो गए और महिलाओं ने फूल बरसाए। एक महिला ने दीप जलने पर हाथ जोड़कर भगवान मुरुगन का अभिवादन किया।
सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को दीपाथून पर दीपम न जलाए जाने पर तमिलनाडु सरकार के चीफ सेक्रेटरी और मुदरै के स्थानीय अधिकारियों को अवमानना की नोटिस दी थी। कोर्ट ने इस मामले पर अगली सुनवाई दिसंबर में तय की है। सुप्रीम कोर्ट ने दीपम जलाने की दूसरी तारीख तय करते हुए अन्नामलाई पहाड़ियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआरपीएफ को सौंपी थी।
