पटना में शिवहर विधायक चेतन आनंद और सांसद लवली आनंद ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर प्रतिक्रिया दी। इस दौरान आनंद मोहन भी मौजूद रहे। चेतन आनंद ने जजमेंट पर पांच कानूनी सवाल उठाए, जबकि लवली आनंद ने फैसले को निंदनीय बताते हुए खुद को सबसे बड़ा विक्टिम कहा।

चेतन आनंद ने कहा कि 26 तारीख को आए जजमेंट का उनकी लीगल टीम ने शुरुआती अध्ययन किया है। उन्होंने कहा कि 2002 में लागू नीति, 2012 में पारित कानून और 2016 में हुए बदलाव, सभी को रिकॉर्ड पर रखा गया था। उन्होंने दावा किया कि पटना हाईकोर्ट से पहले भी तीन लोगों को और सुप्रीम कोर्ट से एक-दो लोगों को छोड़ा गया था, तथा 2023 के नियम के बाद 35-36 लोगों को उनके पिता के साथ रिहा किया गया था। उन्होंने कहा कि लगभग 3000 कैदियों को नई नीति का लाभ मिला है, और सवाल उठाया कि परिस्थितियां समान होने पर कानून अलग-अलग कैसे लागू हो रहा है। उन्होंने कहा कि 2023 के अमेंडमेंट को असंवैधानिक घोषित किया गया, लेकिन जजमेंट में यह स्पष्ट नहीं है कि यह बदलाव विशेष रूप से आनंद मोहन को लाभ पहुंचाने के लिए किया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि जैसे 2023 की टाइमिंग पर सवाल उठा, वैसे ही 2012 में बनाए गए कानून की मंशा की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

लवली आनंद ने भावुक होते हुए कहा कि वे 32 साल से न्याय के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब जी कृष्णैया की हत्या हुई तब वे वैशाली से सांसद थीं, वे गौतम बुद्ध जयंती के लिए गए थे और हाजीपुर लौट आए थे, जांच तक नहीं हुई। उन्होंने कहा कि उनका परिवार और बच्चे मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रहे हैं, और आनंद मोहन निर्दोष होते हुए भी 16 साल जेल में रहे। उन्होंने कहा कि जब वे बच्चों को हॉस्टल देकर निकली थीं, तो 12 साल में बच्चों की शादी के समय पैरोल और फिर रिहाई हुई। उन्होंने कहा कि उन्हें भी विक्टिम बनाया गया और वे भी जेल गईं, जबकि खाबड़ा गांव में घटना हुई तब वे वहां थे ही नहीं। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस एसएन झा ने उनकी जमानत के समय कहा था कि डीजीपी भी कहे तो नहीं मान सकता कि लवली आनंद हत्यारिन है।

लवली आनंद ने कहा कि आनंद मोहन अकेले नहीं, 36 लोग और निकले, देश में हजारों लोग निकले, फिर सिर्फ आनंद मोहन की ही रिहाई क्यों तोड़ी गई और सबकी रिहाई रद्द क्यों नहीं हुई। उन्होंने कहा कि ऐसा सिर्फ इसलिए किया गया क्योंकि वे ज्यादा लोकप्रिय हैं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि विक्टिम भी रहेगा, तो उनसे बड़ा विक्टिम कौन होगा। उन्होंने कहा कि यह फैसला मन बना कर दिया गया है और विदेशी कानूनों का हवाला दिया जा रहा है, जबकि भारत का संविधान बाबा साहब अंबेडकर ने बनाया है और उसी पर चलना चाहिए।