भारत में पाकिस्तानी कलाकारों और वहां के कंटेंट को लेकर जारी बहस के बीच अभिनेता फ़वाद ख़ान और माहिरा ख़ान एक बार फिर चर्चा में हैं। दोनों पाकिस्तान की आने वाली नेटफ़्लिक्स सिरीज़ 'जो बचे है संग समेट लो' का हिस्सा हैं, जो चार दिसंबर को रिलीज़ होनी है। इस सीरीज़ को भारत में दिखाने पर फिल्म संगठनों ने आपत्ति जताई है। ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीरीज़ को भारत में रिलीज़ न करने की मांग की है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने भी नेटफ़्लिक्स को पाकिस्तान में बने कंटेंट को भारत में स्ट्रीम न करने संबंधी मई 2025 की एडवाइज़री की याद दिलाई है।

इस विवाद के बीच फ़वाद और माहिरा की चर्चा सिर्फ़ उनकी नई सीरीज़ तक सीमित नहीं है। एक दौर में ये दोनों भारत में सबसे लोकप्रिय पाकिस्तानी कलाकारों में गिने जाते थे। इसकी बड़ी वजह 2011 की पाकिस्तानी सिरीज़ 'हमसफ़र' रही, जिसमें दोनों ने अशर और ख़िरद का किरदार निभाया था। यह शो पाकिस्तान में हिट रहा और बाद में ज़िंदगी चैनल के ज़रिए भारत भी पहुंचा। 2014 में एक बातचीत में माहिरा ने कहा था कि हमसफ़र ने उन्हें पहचान दिलाई। फ़वाद ने 2024 में कहा था कि शुरुआत में वह इस प्रोजेक्ट को लेकर उत्साहित नहीं थे और आर्थिक जरूरत के चलते इसे स्वीकार किया था।

फ़वाद का अभिनय से पहले संगीत से गहरा नाता रहा। वह पाकिस्तानी रॉक बैंड एंटिटी पैराडाइम के सदस्य रहे, लेकिन 2007 की फ़िल्म 'खुदा के लिए' ने उन्हें बड़े पर्दे पर पहचान दिलाई। इसके बाद 'दास्तान', 'हमसफ़र' और 'ज़िंदगी गुलज़ार है' जैसे शो ने उन्हें पाकिस्तान के सबसे चर्चित कलाकारों में शामिल कर दिया। 2014 में उन्होंने सोनम कपूर के साथ फ़िल्म 'ख़ूबसूरत' से बॉलीवुड में कदम रखा और इसके लिए फ़िल्मफ़ेयर का बेस्ट मेल डेब्यू अवॉर्ड भी मिला। इसके बाद वह 'कपूर एंड सन्स' और 'ऐ दिल है मुश्किल' जैसी फ़िल्मों में नज़र आए।

2016 में उरी आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में तनाव बढ़ा और भारत में पाकिस्तानी कलाकारों के काम करने को लेकर विरोध तेज़ हो गया, जिसका असर फ़वाद के बॉलीवुड करियर पर भी पड़ा। 'ऐ दिल है मुश्किल' की रिलीज़ से पहले फ़िल्म में उनकी मौजूदगी का विरोध हुआ। एक बातचीत में फ़वाद ने कहा था कि भारत में काम के दौरान उन्हें कभी भेदभाव का सामना नहीं करना पड़ा। उनके परिवार की जड़ें भी भारत में हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उनके पिता का जन्म पटियाला में हुआ था, जबकि उनकी मां का परिवार लखनऊ से था और 1947 के बंटवारे के बाद उनका परिवार पाकिस्तान चला गया था। माहिरा ख़ान पाकिस्तान की सबसे चर्चित अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं। कराची में जन्मी माहिरा ने अपने करियर की शुरुआत वीडियो जॉकी के तौर पर की थी और दो दशक से ज़्यादा लंबे करियर में टेलीविज़न और फ़िल्म जगत में अपनी अलग पहचान बनाई है।