सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार, 26 नवंबर को पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर फ्रंट ऑफ पैक न्यूट्रिशन लेबलिंग (एफओपीएलएल) लागू करने के संबंध में अहम निर्देश दिए हैं। जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की बेंच ने '3एस एंड अवर हेल्थ सोसायटी बनाम यूनियन ऑफ इंडिया' मामले में यह फैसला सुनाया। अदालत ने भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) से कहा है कि जिन पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में चीनी, नमक या सैचुरेटेड फैट की मात्रा तय सीमा से अधिक हो, उनके पैकेट के सामने अलग-अलग चेतावनी वाले निशान लगाए जाएं।
अदालत के मुताबिक, पैकेट के सामने लाल रंग के हेक्सागन यानी छह कोनों वाले निशान लगाए जाएंगे। इन पर संबंधित पोषक तत्व की तस्वीर के साथ 'हाई फैट', 'हाई शुगर' या 'हाई सॉल्ट' लिखा होगा। अगर किसी उत्पाद में एक से अधिक पोषक तत्व तय सीमा से ज्यादा हैं, तो हर पोषक तत्व के लिए अलग चेतावनी लगानी होगी। हर चेतावनी वाले निशान का आकार पैकेट के सामने के मुख्य हिस्से का कम-से-कम 4 से 5 फीसदी होना चाहिए और उसके भीतर लिखे शब्द इतने स्पष्ट और बड़े होने चाहिए कि खरीदारी के दौरान उपभोक्ता उन्हें आसानी से पढ़ सकें। अदालत ने कहा कि स्वास्थ्य का अधिकार, भोजन का अधिकार और सही जानकारी के आधार पर फैसला लेने का अधिकार एक-दूसरे से जुड़े हैं, इसलिए सरकार की जिम्मेदारी है कि वह ऐसे नियम बनाए जिनसे लोगों को खाने की चीजों के बारे में जरूरी जानकारी मिल सके।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश का एक अहम पहलू यह है कि चीनी की मात्रा तय करने के लिए सिर्फ एडेड शुगर यानी अलग से मिलाई गई चीनी को नहीं, बल्कि टोटल शुगर यानी कुल चीनी को आधार बनाया जाए। अदालत ने कहा कि एडेड शुगर को अलग से जांचना और सत्यापित करना मुश्किल है, जिससे कंपनियों के लिए चेतावनी से बचने की गुंजाइश रह सकती है। इसी तरह फैट के मामले में चेतावनी तय करने के लिए एडेड फैट की जगह सैचुरेटेड फैट को आधार बनाया जाए। विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक, खाने में सैचुरेटेड फैट की अधिक मात्रा एलडीएल यानी खराब कोलेस्ट्रॉल बढ़ा सकती है, जिससे दिल की बीमारियों का जोखिम बढ़ता है।
अदालत ने एफएसएसएआई को चीनी, नमक और सैचुरेटेड फैट के लिए तय की जाने वाली सीमा पर भी दोबारा विचार करने को कहा है। अदालत के मुताबिक, यह सीमा न इतनी कम होनी चाहिए कि लगभग हर पैकेट पर चेतावनी लग जाए और न इतनी ज्यादा कि जिन उत्पादों पर चेतावनी होनी चाहिए, वे भी इससे बच निकलें। सीमा बहुत कम रखने पर लोग चेतावनियों को नजरअंदाज करने लग सकते हैं, जिसे 'लेबल फैटीग' कहा जाता है, जबकि सीमा बहुत अधिक रखने पर कई उत्पाद चेतावनी से बच सकते हैं और उपभोक्ता जोखिमों से अनजान रह सकते हैं। अदालत ने कहा है कि एफएसएसएआई को वैज्ञानिक सबूतों को ध्यान में रखते हुए ये सीमाएं तय करनी होंगी।
