लखीमपुर खीरी में शनिवार को एक कार्यक्रम में अपना दल (एस) की अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने केंद्र सरकार की ओर से लाए जा रहे परिसीमन विधेयक का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यह विधेयक पास होने पर उत्तर प्रदेश राजनीतिक रूप से मजबूत राज्य बनेगा। गोला गोकर्णनाथ विधानसभा क्षेत्र में अपना दल (सोनेलाल) के जिला एवं राज्य स्तरीय कार्यकर्ता समागम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि परिसीमन के बाद प्रदेश में लोकसभा सीटें 80 से बढ़कर 120 और विधानसभा सीटें 403 से बढ़कर 605 हो जाएंगी।

अनुप्रिया पटेल ने कहा कि संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है और नई लोकसभा बनने पर उसका आकार बड़ा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि विधायक विधेयक पास होने के बाद उत्तर प्रदेश की विधानसभा में 605 सदस्य होंगे।

केंद्रीय मंत्री ने समाजवादी पार्टी के विधानसभा चुनाव के लिए जारी किए गए प्रण पत्र जन मन घोषणा पत्र पर निशाना साधा और इसे झूठ का पुलिंदा बताया। गोला विधानसभा सीट से प्रत्याशी उतारने के सवाल पर उन्होंने कहा कि एनडीए में अभी सीटों के बंटवारे पर फैसला नहीं हुआ है।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव फरवरी-मार्च 2027 में होने की संभावना है। अपना दल (एस) रविवार को प्रयागराज के अलोपीबाग स्थित सरदार पटेल संस्थान में विजय संकल्प रैली आयोजित कर रही है, जिसमें अनुप्रिया पटेल, यूपी सरकार के मंत्री आशीष पटेल और पार्टी के सभी 13 विधायक मौजूद रहेंगे। पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में 12 सीटें जीती थीं और इस बार 52 सीटों की मांग कर रही है, जिसमें पिछली बार लड़ी गई 17 सीटें भी शामिल हैं।