कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा सीटों की संख्या 850 किए जाने पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को ब्लैंक चेक मिल जाएगा। राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि सरकार को ऐसा करने का अधिकार किसने दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार लोकसभा की 850 सीटें करने का नया प्रस्ताव लेकर आए हैं। उन्होंने इसे भारतीय लोकतंत्र के लिए खतरा बताया।
राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार 543 सदस्यों की जगह 850 सदस्य करने के लिए महिला आरक्षण का तर्क दे रही है। उनके अनुसार, ऐसा करके सरकार को भारत के राजनीतिक मानचित्र में बड़े बदलाव करने का मौका मिलेगा और वह अपने हिसाब से भारतीय लोकतंत्र को रीड्रॉ कर सकती है। उन्होंने दावा किया कि इस तरह क्षेत्रों को रीमैप किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि हर राज्य को समान अनुपात में 50 फीसदी बढ़ी हुई सीटें मिलने का मुद्दा नहीं है, क्योंकि 850 सीटों के साथ सरकार को ब्लैंक चेक मिल जाएगा।
राहुल गांधी ने दावा किया कि जेन-जी का मानना है कि देश में वोट चोरी हो रही है और युवा उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि जो डरते हैं वे भाग जाते हैं, लेकिन जेन-जी डरती नहीं है, इसलिए वे उन पर भरोसा करते हैं। उन्होंने कहा कि यह मामला हर राज्य के बराबर प्रतिनिधित्व, सीटों को फ्रीज करने या महिला आरक्षण से जुड़ा नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण का समर्थन कर चुकी है और उनकी मांग है कि सरकार इसे तुरंत लागू करे। राहुल गांधी ने इंडिया गठबंधन और विपक्षी नेताओं से लोकतंत्र की इस लड़ाई में साथ आने की अपील की।
शरद पवार की पार्टी एनसीपी के विधेयक के लिए सरकार का समर्थन करने के संकेत पर पूछे गए सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि भले शरद पवार इस बिल का समर्थन कर दें, मगर इंडिया ब्लॉक में उनकी पोजीशन नहीं बदलेगी। उन्होंने जगन मोहन और चंद्रबाबू नायडू से भी लोकतंत्र को बचाने के लिए जागने की अपील की। राहुल गांधी ने परिसीमन आयोग की प्रस्तावित संरचना पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आयोग में एक पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज का चयन प्रधानमंत्री और गृह मंत्री करेंगे, जबकि तीसरे सदस्य की नियुक्ति मुख्य चुनाव आयुक्त करेंगे, जिससे सरकार को निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने में सीधा नियंत्रण मिल सकता है।
इससे पहले शनिवार को इंडिया ब्लॉक के नेताओं की राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नई दिल्ली स्थित आवास पर बैठक हुई। बैठक के बाद विपक्षी दलों ने परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार के सामने तीन मांगें रखीं, जिनमें लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या बरकरार रखना, वर्तमान सीटों के आधार पर महिलाओं को आरक्षण देना और अगले 25 वर्षों तक राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा आवंटन बनाए रखना शामिल है। कांग्रेस ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि बैठक में परिसीमन विधेयक पर विस्तार से चर्चा हुई और विपक्ष की इन मांगों पर सहमति बनी।
