रांची में झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन और गठबंधन सरकार के दूसरे वर्षगांठ के अवसर पर खेलगांव में आयोजित भव्य समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि 2050 तक झारखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है, जिसके लिए राज्य में विकास की रफ्तार और तेज करनी है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने लगभग 9,000 करोड़ की लागत वाली 1,650 विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।

सीएम सोरेन ने कहा कि 26 साल का यह युवा झारखंड संघर्ष और अनेक उतार-चढ़ाव को पार करते हुए आज इस मुकाम तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि झारखंड ने खनिज संपदा के माध्यम से सदियों तक देश और दुनिया को समृद्ध किया, लेकिन दुर्भाग्यवश राज्य के आदिवासी और मूलवासी हक-अधिकार और विकास की दौड़ में पीछे रहे। अब नई पीढ़ी को इस पिछड़ेपन को दूर कर झारखंड को अग्रणी राज्यों की पंक्ति में खड़ा करने का संकल्प लेना होगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार जमीनी हकीकत, गरीबी और शिक्षा के स्तर को समझकर योजनाएं बना रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तीकरण, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों की स्थापना, विद्यालयों के उन्नयन, छात्रावासों की बेहतर व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कल्याण विभाग के आवासीय विद्यालयों एवं छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को सरकार की ओर से भोजन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है, ताकि वे भोजन की चिंता किए बिना पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकें। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सम्मान राशि देकर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है और 50 लाख से अधिक परिवारों तक 10-10 हजार रुपये की राशि पहुंची है।

सीएम सोरेन ने कहा कि राज्य का युवा वर्ग समृद्ध झारखंड निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है और खेल, कला, संस्कृति और शिक्षा में युवाओं की अपार संभावनाएं हैं। राज्य में संभावनाओं और संसाधनों की कोई कमी नहीं है, दृढ़ संकल्प, ईमानदार सोच और सामूहिक प्रयास की जरूरत है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को झारखंड मुख्यमंत्री पदक से अलंकृत किया, साथ ही विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों, कर्मियों, खिलाड़ियों और कलाकारों को सम्मानित किया। मैट्रिक, इंटर और इंजीनियरिंग परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद राशि और लैपटॉप से सम्मानित किया गया।