ओडिशा में कई दिनों से भटक रहा हाथी 'राजू' छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के हमीरपुर पहुंच गया। हाथी के गांव के पास पहुंचने की खबर फैलते ही उसे देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। सूचना मिलने पर छत्तीसगढ़ और ओडिशा दोनों राज्यों के वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को हाथी से दूरी बनाए रखने और उसके करीब न जाने की सलाह दी जा रही है। इलाके में कौतूहल के साथ दहशत का माहौल है और वन विभाग की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

इस बीच दोनों राज्यों के वन विभागों के बीच समन्वय पर सवाल उठ रहे हैं। छत्तीसगढ़ वन विभाग के अधिकारियों का आरोप है कि ओडिशा वन विभाग हाथी को जबरन छत्तीसगढ़ की सीमा की ओर खदेड़ रहा है और हाथी के संबंध में स्पष्ट जानकारी भी उपलब्ध नहीं करा रहा। अधिकारियों के अनुसार उन्हें यह तक स्पष्ट नहीं बताया जा रहा कि हाथी पालतू है या जंगली, जिससे उसकी सही ट्रैकिंग और व्यवहार का आकलन मुश्किल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि हाथी 'राजू' का महावत ओडिशा में गांजे से जुड़े मामले में गिरफ्तार होकर जेल में बंद है, और उसकी गिरफ्तारी के बाद से हाथी किसी की बात नहीं मान रहा। हालांकि, ओडिशा वन विभाग के अधिकारियों के बयानों में विरोधाभास सामने आ रहा है। कभी हाथी को पालतू बताया जा रहा है, तो कुछ देर बाद अधिकारी अपनी ही बात से पलटते नजर आ रहे हैं। अधिकारी महावत की गिरफ्तारी और जेल में होने की जानकारी से भी अनभिज्ञता जता रहे हैं।

ओडिशा वन विभाग के अधिकारी अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते दिखाई दे रहे हैं। उनका कहना है कि हाथी को किसी ने जबरदस्ती छत्तीसगढ़ की ओर नहीं खदेड़ा, बल्कि वह खुद विचरण करते हुए ओडिशा से रायगढ़ की ओर पहुंचा है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब हाथी के पालतू या जंगली होने की स्थिति ही स्पष्ट नहीं है और दोनों राज्यों के वन विभागों के बीच जानकारी का अभाव है, तो हाथी की सुरक्षित निगरानी और ग्रामीणों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाएगी।