देवरिया जिले में किसानों को उचित दर पर समय से उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए शनिवार को आईपीएल कंपनी की डीएपी की एक रैक पहुंची। इससे प्राप्त 570 मीट्रिक टन डीएपी और 450 मीट्रिक टन टीएसपी उर्वरक सहकारी क्षेत्र के बिक्री केंद्रों पर भेजा जाने लगा है। वहीं निजी क्षेत्र के उर्वरक प्रतिष्ठानों के लिए 300 मीट्रिक टन डीएपी और 300 मीट्रिक टन टीएसपी आवंटित किया गया है।

जिले को जल्द ही आईपीएल कंपनी से 1679 मीट्रिक टन डीएपी की एक और रैक मिलने की उम्मीद है। इसमें से 1000 मीट्रिक टन सहकारी क्षेत्र और 679 मीट्रिक टन निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठानों के लिए आवंटित किया गया है। इसके अलावा इफको कंपनी से भी 1600 मीट्रिक टन डीएपी की रैक जल्द पहुंचेगी, जिसका वितरण जिले के सहकारी उर्वरक प्रतिष्ठानों के माध्यम से कराया जाएगा।

जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह ने बताया कि जिले के सभी विकास खंडों में समान रूप से उर्वरकों का वितरण कराया जा रहा है। फास्फेटिक और यूरिया उर्वरकों की कोई कमी नहीं है। किसानों को उचित दर पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए निजी और सहकारी क्षेत्र के बिक्री केंद्रों की लगातार निगरानी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि खाद की कालाबाजारी, निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर बिक्री और टैगिंग जैसी अनियमितताओं को रोकने के लिए सघन छापेमारी भी की जा रही है। किसानों को निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने के लिए विभाग सतर्क है।