देव दीपावली का पर्व इस साल कार्तिक पूर्णिमा के दिन 24 नवंबर को मनाया जा रहा है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नाम के राक्षस का संहार किया था। इस जीत की खुशी में देवताओं ने काशी में गंगा के घाटों पर दीप जलाए थे, और तभी से यह परंपरा चली आ रही है।

उत्तर प्रदेश में इस दिन काशी के घाटों पर विशेष रौनक रहती है। यहां मिट्टी के दीये जलाए जाते हैं, भव्य महाआरती होती है और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। महाराष्ट्र में इस पर्व को त्रिपुरारी पूर्णिमा कहा जाता है, जहां शाम के समय मंदिरों के बाहर बने ऊंचे पत्थर के दीपस्तंभों पर मिट्टी के दीपक जलाए जाते हैं।

बिहार और झारखंड में इसे कार्तिक पूर्णिमा और गंगा स्नान के नाम से जाना जाता है। यहां पवित्र नदी में स्नान के बाद दीपदान का विशेष महत्व है, साथ ही लोग भगवान सत्यनारायण की कथा का पाठ करते हैं। पंजाब और उत्तर भारत में यह पर्व गुरु नानक जयंती के रूप में मनाया जाता है, जिसे सिख समुदाय श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के रूप में मनाता है। इस अवसर पर गुरुद्वारों में अरदास और कीर्तन होता है तथा लंगर की सेवा की जाती है।