फिरोजाबाद के नारखी क्षेत्र के गांव कपावली ठार में एक महिला की गला घोंटकर हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ममेरा देवर शुक्रवार रात घर आया था और उसका पत्नी से झगड़ा हुआ था। आरोप है कि वह काफी समय से महिला पर घर से भागने का दबाव बना रहा था। शनिवार सुबह शादी समारोह से लौटे पति को रसोई में पत्नी का शव मिला।

कपावली ठार निवासी गौरव शुक्रवार को एक शादी समारोह में सजावट का काम करने गए थे, जबकि उनकी मां अपने मायके गई हुई थीं। घर में उनकी 24 वर्षीय पत्नी तनू शर्मा अपनी तीन बेटियों के साथ थीं। शनिवार सुबह पांच बजे गौरव घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। छह वर्षीय बेटी सौम्या ने दरवाजा खोला, जिसके बाद रसोई में पत्नी का शव पड़ा मिला। चेहरे और गले पर चोट के निशान थे।

बेटी ने स्वजन को बताया कि शुक्रवार रात सिरसागंज के गांव गुड़िया टिकुर निवासी ममेरा देवर रोहित घर आया था और उसका मां से झगड़ा हुआ था। उसने बच्चों को कमरे में सोने के लिए भेज दिया था। गौरव ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी 2020 में हुई थी और कुछ समय से रोहित उनकी पत्नी को परेशान कर रहा था। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

पति की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। महिला के फोन की सीडीआर जांच में दोनों के बीच बात होने की बात सामने आई है। इंस्पेक्टर नारखी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी की तलाश में दो टीमें दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद शव शनिवार शाम को घर पहुंचा। इलाके में एक युवक द्वारा आत्महत्या की घटना को लेकर भी चर्चाएं शुरू हुईं, हालांकि पुलिस ने उसे महिला की हत्या से जोड़ने से इनकार किया है।