राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत शुकतीर्थ स्थित शुकदेव आश्रम पहुंचे, जहां उनका दो दिवसीय प्रवास है। उनके साथ शुकदेव आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद सरस्वती महाराज व अन्य लोग मौजूद रहे। शुकतीर्थ में 65 वर्षों में यह पहला मौका है जब किसी अति विशिष्ट व्यक्ति ने यहां रात्रि विश्राम किया है। इससे पहले वर्ष 1959 में उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. संपूर्णानंद ने यहां रात्रि प्रवास किया था।

संघ सूत्रों के अनुसार शुकतीर्थ उन केंद्रों में शामिल है जहां आने वाले दस वर्षों में सनातन चेतना और राष्ट्रवाद के जागरण का लक्ष्य रखा गया है। हस्तिनापुर, विदुर कुटी, शाकंभरी देवी मंदिर और शुकतीर्थ को श्रद्धा, भक्ति और आस्था के बड़े केंद्र के रूप में प्रख्यात करने की योजना पर संघ ने काम शुरू किया है। माना जा रहा है कि सरसंघचालक का यह प्रवास देशभर के लिए संदेश देने का काम करेगा।

शुकतीर्थ वह भूमि है जहां महाभारत के अंतिम राजा परीक्षित को शुकदेव मुनि ने पहली बार श्रीमद्भागवत कथा सुनाई थी। पांच हजार वर्ष पूर्व शुरू हुई कथावाचन की यह परंपरा लगातार जारी है। यहां देशभर से श्रद्धालु आते हैं, जिनमें लगभग 30 प्रतिशत गुजरात और महाराष्ट्र के होते हैं। कथावाचक रामचंद्र केशव डोंगरे ने वर्ष 1990 में यहां अंतिम कथा कही थी, जबकि मोरारी बापू यहां अब तक छह कथा कर चुके हैं।

बताया जाता है कि यह कार्यक्रम स्वामी ओमानंद सरस्वती महाराज के निमंत्रण पर बना। वे काफी समय से सरसंघचालक को भागवत भूमि पर लाने का प्रयास कर रहे थे। पिछले दस वर्षों में शुकतीर्थ में संघ के कार्यक्रमों ने गति पकड़ी है। दिवंगत पद्मश्री दर्शनलाल जैन संघ और शुकतीर्थ के संतों के बीच समन्वय के पहले सूत्रधार माने जाते हैं। सरसंघचालक का यह प्रवास कार्तिक पूर्णिमा और गंगा स्नान मेले के अवसर पर हो रहा है, जब पुलिस-प्रशासन की तैयारियां पहले से चल रही हैं।