कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेताओं ने गोवा में आदिवासियों की जमीन और अधिकारों को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। पार्टी संस्थापक अभिजीत दिपके ने आरोप लगाया कि सरकार आदिवासियों के अधिकार छीनने के साथ-साथ उनकी जमीनें भी हड़प रही है। उन्होंने कहा कि करापुर में गांव की जमीन मंत्रियों के बिल्डर दोस्तों को दे दी गई है।

दिपके ने कहा कि करापुर के लोगों को जीएमसी अस्पताल पहुंचने के लिए डेढ़ घंटे का सफर तय करना पड़ता है। उन्होंने गांव के नायक गौरीश गडी पर हुए हमले का मुद्दा उठाया और कहा कि वह लोगों के हक के लिए लड़ रहे थे। आरोप है कि भू-माफिया ने उन्हें बुरी तरह पीटा, जिससे उनके सिर पर आठ टांके आए और हाथ भी टूट गया। दिपके ने गडी को तुरंत सुरक्षा देने की मांग की और कहा कि दोबारा हमला होने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।

सीजेपी नेता आशुतोष रांका ने कहा कि यह शर्म की बात है कि गोवा के लोगों की जमीन छीनी जा रही है और पूंजीपतियों को दी जा रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी नागरिकों के साथ मिलकर 'नागरिक घोषणापत्र' तैयार करेगी, जिसका पहला एजेंडा '39ए' को रद्द करना होगा। रांका ने आने वाले चुनावों में लोगों से अपील की कि वे केवल उन्हीं पार्टियों को वोट दें जो उनकी मांगों और घोषणापत्र से सहमत हों।

सौरभ दास ने कहा कि आदिवासी समुदायों के अधिकारों का लंबे समय से हनन होता आ रहा है और गोवा भी इससे अछूता नहीं है। उन्होंने कहा कि 39ए का मुद्दा पूरे गोवा के लिए बड़ी चिंता बन गया है। दास के मुताबिक, अगले दो महीनों के भीतर सीजेपी गोवा की टीम नागरिक घोषणापत्र जारी करेगी, जिसमें 39ए के साथ आदिवासी समुदायों के अधिकारों के हनन का जिक्र होगा।