वृंदावन के चंद्रोदय मंदिर में रविवार को कार्तिक उत्सव के तहत श्रीश्रीराधा वृंदावन चंद्र की दिव्य रथयात्रा निकाली गई। चालीस फुट ऊंचे चंदन की लकड़ी के रथ पर ठाकुरजी विराजमान हुए, जिसे फूलों और विद्युत प्रकाश से सजाया गया था। रथ के आगे धर्मदंड लेकर अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल चलीं। इस अवसर पर एडीजी एसके भगत और विधायक श्रीकांत शर्मा भी मौजूद रहे।

गर्भगृह से पालकी में ठाकुरजी को बाहर लाकर रथ पर विराजमान किया गया। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की ध्वनि और हरिनाम संकीर्तन के बीच रथयात्रा शुरू हुई। भक्तों ने रथ को खींचकर पूरे मंदिर प्रांगण की परिक्रमा कराई। जगह-जगह भक्तों ने आरती उतारकर और पुष्पवर्षा कर ठाकुरजी का स्वागत किया।

साइना नेहवाल, एसके भगत और श्रीकांत शर्मा ने आराध्य की आरती उतारकर मंदिर में दीपदान किया। रथयात्रा के समापन पर भगवान श्रीश्रीराधा वृंदावन चंद्र को छप्पन भोग अर्पित किए गए। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से श्रीदामोदराष्टकम का गान किया और आराध्य के चरणों में दीपदान किया।

चंद्रोदय मंदिर में तीन दिवसीय कार्तिक उत्सव चल रहा है, जिसमें रविवार को रथयात्रा महोत्सव मनाया गया। दीपकों की आभा, पुष्पों की सज्जा और हरिनाम संकीर्तन की स्वर लहरियों से मंदिर परिसर गूंज उठा।