पूर्वी दिल्ली के यमुनापार इलाके में अतिक्रमण की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। बाजारों के साथ-साथ रिहायशी इलाकों, फुटपाथों और सर्विस लेन तक अवैध कब्जे फैल रहे हैं। नगर निगम की बैठकों में पार्षद इस मुद्दे को बार-बार उठा रहे हैं और अधिकारियों से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति में बदलाव नहीं दिख रहा है।

वार्ड कमेटी की बैठकों में पार्षदों ने लाइसेंस निरीक्षकों (एलआई) पर दुकानों से हर महीने धन उगाही करने और अवैध कब्जों को संरक्षण देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।

लक्ष्मी नगर वार्ड की पार्षद अलका राघव ने पिछली बैठक में मुद्दा उठाते हुए कहा था कि रेहड़ी-पटरी वालों ने घरों के सामने, मोहल्लों और चौराहों पर स्थायी रूप से कब्जा जमा लिया है, जिससे स्थानीय लोगों को आवाजाही में परेशानी होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होती। पार्षद रामकिशोर शर्मा ने विकास मार्ग पर फुटपाथ और सर्विस लेन पर हुए अतिक्रमण तथा शकरपुर स्कूल ब्लॉक के पास अवैध रूप से चल रही मछली मंडी का मुद्दा उठाया था। उन्होंने धन उगाही का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठने की चेतावनी दी थी।

पार्षद रेनू चौधरी समेत अन्य पार्षदों ने भी अपने क्षेत्रों में बढ़ते अतिक्रमण पर चिंता जताई और एलआई की कार्यशैली पर सवाल उठाए। पार्षदों की शिकायतों में यह बात लगातार सामने आई कि अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई न होने से उनके हौसले बढ़ रहे हैं।