मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा क्षेत्र के वीरपुर फतेउल्लापुर गांव में 46 दिन बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो गई है। उत्तराखंड से बिजली लाइन कटने के कारण गांव में आपूर्ति ठप थी, जिससे पानी की टंकी खाली हो गई थी और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी। ग्रामीणों ने अधिकारियों के चक्कर लगाए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद ग्रामीणों की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया और बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया गया। रविवार देर रात विभाग ने गांव के ट्रांसफार्मर तक बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी।

बिजली लाइन में करंट आते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। लोग घरों से बाहर निकल आए और एक-दूसरे को बिजली आने की सूचना दी। ग्रामीणों का कहना है कि बिना बिजली के 46 दिन गुजारना किसी चुनौती से कम नहीं था। पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा था और रात में अंधेरे के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई थी। ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति बहाल होने पर खुशी जताई।

उत्तराखंड से बिजली लाइन कटने के बाद मुरादाबाद और रामपुर के 16 गांवों में बिजली संकट पैदा हो गया था। वीरपुर फतेउल्लापुर के साथ रामपुर के 15 गांवों की समस्या को भी प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। अब वीरपुर फतेउल्लापुर में बिजली पहुंचने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है और पानी की आपूर्ति बहाल होने के साथ बच्चों की पढ़ाई भी सामान्य हो सकेगी।