पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) में जनवरी से सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल शुरू होने की उम्मीद है। यहां छह अति विशिष्ट विभागों में मरीजों का उपचार शुरू होगा। अस्पताल के अधीक्षक डा. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि इसका काम अंतिम चरण में है। नई एजेंसी को तीन माह में निर्माण और अन्य जरूरी कार्य पूरा करने का लक्ष्य दिया गया था, जिसमें एक माह बीत चुका है। अक्टूबर से काम शुरू हुआ है।
सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में यूरोलाजी, न्यूरो मेडिसिन, न्यूरो सर्जरी, गैस्ट्रोएंटरोलाजी, एंडोक्राइनोलाजी और नेफ्रोलाजी विभागों की सुविधा एक ही छत के नीचे उपलब्ध होगी। ओपीडी से लेकर सर्जरी, आइसीयू और वार्ड तक की व्यवस्था रहेगी। इससे गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों और उनके स्वजन को अलग-अलग भवनों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
पीएमसीएच में पार्किंग की समस्या से भी जल्द राहत मिलने वाली है। दिसंबर में मल्टीलेवल पार्किंग के तीनों चरण शुरू हो जाएंगे। पहले चरण में 750 वाहनों की पार्किंग तैयार है, जिसे पीजी चिकित्सकों के लिए शुरू कर दिया गया है। यह सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी और वाहनों की आनलाइन निगरानी होगी। सुरक्षा के लिए 15 गार्ड तैनात किए गए हैं। दूसरे और तीसरे चरण के शुरू होने के बाद इसका संचालन अस्पताल प्रशासन के अधीन होगा, जिसके बाद मरीजों के स्वजन भी अपने वाहन यहां खड़े कर सकेंगे।
दूसरे चरण के निर्माण कार्य के तहत टाटा वार्ड की जगह नौ मंजिला भवन बनाया जा रहा है, जिसे जून तक तैयार करने का लक्ष्य है। इसके पूरा होने के बाद अस्पताल की कुल बेड क्षमता बढ़कर 2100 हो जाएगी। नए भवन में विभिन्न विभागों के लिए अतिरिक्त बेड की व्यवस्था होगी, जिसका लाभ शिशु रोग और मनोचिकित्सा विभाग को भी मिलेगा। वर्तमान में मेडिसिन विभाग में 600 बेड की सुविधा शुरू की जा चुकी है, जबकि हड्डी रोग विभाग में भी 600 बेड की व्यवस्था होगी। नए भवन में विभिन्न विभागों की ओपीडी के साथ इमरजेंसी और आपरेशन थिएटर की सेवाएं भी शुरू हो चुकी हैं।
