बीजेपी सांसद हेमा मालिनी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर आरोप लगाया है कि वह देश को हमेशा नीचा दिखाने की कोशिश करते हैं। नागपुर में शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए हेमा मालिनी ने कहा कि राहुल गांधी हर समय यही कहते हैं कि देश की स्थिति खराब है, जबकि देश इस समय बेहतर स्थिति में है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी मोदी सरकार को नीचा दिखाने की कोशिश करते रहते हैं और उसी तरह की बातें करते हैं।

दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की गुरुवार को बैठक हुई थी। राहुल गांधी ने इसकी तस्वीर साझा करते हुए एक्स पर लिखा था कि अगर कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत के प्रधानमंत्री इस मेज पर बैठे होते और समझौता कर चुके प्रधानमंत्री कभी इस मेज पर नहीं बैठ सकते। बीजेपी नेता इस पोस्ट को लेकर राहुल गांधी पर लगातार हमलावर हैं।

बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष ऊषा अग्रवाल ने कहा कि अमेरिका, रूस और चीन की त्रिपक्षीय बैठक भारत की वैश्विक स्थिति तय नहीं करती। उन्होंने ब्रिक्स, क्वाड, एससीओ, जी20 और जी7 जैसे मंचों के जरिए भारत की सक्रिय भागीदारी का जिक्र किया और कहा कि भारत 2016 में मिसाइल प्रौद्योगिकी नियंत्रण व्यवस्था, 2017 में वासेनार व्यवस्था और 2018 में ऑस्ट्रेलिया समूह में शामिल हुआ तथा 2017 में एससीओ का पूर्ण सदस्य बना। उन्होंने सवाल उठाया कि जब डॉ. मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे तब कांग्रेस नेता सोनिया गांधी विदेशी राष्ट्राध्यक्षों से क्यों मिलती थीं और उनका अधिकारिक तौर पर क्या अधिकार था।

बीजेपी के सोशल मीडिया राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के ने कहा कि हर अंतरराष्ट्रीय समूह भारत के इर्द-गिर्द नहीं घूमता और कूटनीति की थोड़ी समझ से मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि एपेक की स्थापना नवंबर 1989 में हुई थी, जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे, और यह प्रशांत महासागर के तटवर्ती देशों का मंच है। उधर, शिकागो विश्वविद्यालय में छात्रों से संवाद के दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि भारत वैश्विक मामलों में हाशिए पर चला गया है और अब गौण भूमिका निभाने वाला देश बन गया है।