वैश्विक AI स्टॉक में गिरावट के बीच भारतीय शेयर बाजार के प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर राजनीतिक तकरार छिड़ गई है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक वित्तीय विश्लेषण साझा करते हुए भारतीय अर्थव्यवस्था को “आपदा” बताने वाले विशेषज्ञों पर तंज कसा। इसके बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक अशुतोष रांका ने उनकी प्रतिक्रिया पर सवाल उठाए।

दरअसल, क्रिप्टो विश्लेषण संस्था Coin Bureau ने X पर एक पोस्ट में लिखा कि AI स्टॉक में गिरावट के दौरान भारत एकमात्र बड़ा एशियाई बाजार था, जो हरे निशान पर बंद हुआ। पोस्ट के मुताबिक, एशिया के ज्यादातर बड़े बाजार गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि भारतीय बाजार बढ़त दर्ज करने में कामयाब रहा। इसकी एक वजह भारतीय बाजार में AI कंपनियों की सीमित हिस्सेदारी बताई गई। भारतीय बाजार में बैंकिंग और वित्तीय कंपनियों का बड़ा हिस्सा है, जबकि चिप बनाने वाली कंपनियों की मौजूदगी न के बराबर है। पोस्ट के अनुसार, पिछले दो साल में यही बात भारत की कमजोरी मानी जा रही थी और 2026 की पहली छमाही में विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार से रिकॉर्ड 29 अरब डॉलर निकाले थे, लेकिन नवंबर में विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयरों में रिकॉर्ड 10 अरब डॉलर का निवेश किया।

कॉइन ब्यूरो के इस पोस्ट को शेयर करते हुए हिमंत बिस्वा सरमा ने लिखा, “'भारतीय अर्थव्यवस्था आपदा है' कहने वाले विशेषज्ञों के लिए दो मिनट का मौन। पता चला कि आपदा तो वे खुद थे।” इस पोस्ट पर CJP के सह-संयोजक अशुतोष रांका ने सवाल उठाते हुए लिखा, “क्या आपने इसे ठीक से पढ़ा? ‘भारत का AI एक्सपोजर लगभग नहीं है।’ ‘उसके पास जीरो चिपमेकर हैं।’” उन्होंने कहा कि इस तर्क का मतलब यह है कि जो लोग कार नहीं खरीदते, वे भारत में इसलिए निवेश करें क्योंकि भारत में सड़कें नहीं हैं। रांका ने आगे पूछा, “इस पर कौन खुश होता है, खासकर एक मौजूदा मुख्यमंत्री?” उनका तर्क था कि AI और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भारत की कम भागीदारी को निवेश के लिए सकारात्मक बताना गलत है।