ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना ने शनिवार को दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में नियमों का उल्लंघन करने वाले दो तेल टैंकर बारूदी सुरंगों से टकरा गए, जिसके बाद उनमें विस्फोट हुआ और आग लग गई। आईआरजीसी के आधिकारिक समाचार माध्यम 'सेपाह न्यूज' के अनुसार, एक टैंकर ओमान के खसाब बंदरगाह के पास सुरंग से टकराया, जबकि दूसरा होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्वी हिस्से में एक 'अनधिकृत' समुद्री मार्ग पर सुरंग की चपेट में आया। नौसेना ने आरोप लगाया कि जहाजों ने अपने जीपीएस सिस्टम बंद किए हुए थे और चुपचाप जलडमरूमध्य के एक 'अवैध' रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहे थे। आईआरजीसी ने चेतावनी दी कि इस मार्ग पर पूरी तरह बारूदी सुरंगें बिछाई गई हैं और तेल टैंकरों की कोशिशें तथा अमेरिकी सेना की हवाई मदद भी उन्हें इन 'बेहद विनाशकारी' सुरंगों से टकराने से नहीं बचा पाएंगी। तेहरान ने साफ कहा है कि वह रणनीतिक रूप से अहम होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद रखेगा और लगाए गए प्रतिबंधों का मुकाबला करेगा।

वहीं, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने दावा किया है कि उसने ओमान की खाड़ी में एक व्यावसायिक जहाज को निष्क्रिय कर दिया, क्योंकि उसका चालक दल ईरानी बंदरगाह से निकलने के बाद कई चेतावनियों के बावजूद अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी को पार करने की कोशिश कर रहा था। सेंटकॉम के अनुसार, यह घटना 26 नवंबर को हुई। पलाऊ के झंडे वाला मालवाहक जहाज एम/वी पैसिफिक आर्चर ईरान के बंदर अब्बास बंदरगाह से रवाना हुआ था और क्षेत्रीय जलक्षेत्र से गुजरने की कोशिश कर रहा था।

सेंटकॉम ने अपने बयान में कहा कि अमेरिकी सेना के एक विमान ने सटीक हथियारों का इस्तेमाल करते हुए जहाज के पिछले हिस्से को निशाना बनाया, जिसके बाद जहाज की आगे बढ़ने की क्षमता पूरी तरह बंद हो गई, लेकिन जहाज पर मौजूद नागरिक चालक दल सुरक्षित रहा। अमेरिकी सेना का कहना है कि वह नाकेबंदी को सख्ती से लागू कर रही है। उनके अनुसार, अब तक 158 व्यावसायिक जहाजों को निर्देश मानने के बाद दूसरे रास्ते पर भेजा गया है, जबकि आदेशों का पालन न करने वाले छह जहाजों को निष्क्रिय किया गया है। अमेरिकी सेना ने क्षेत्र में काम कर रहे सभी जहाजों और नाविकों से अपील की है कि वे ओमान की खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास सेंटकॉम की ओर से जारी की जाने वाली चेतावनियों का पालन करें।