रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि भारतीय नौसेना के जहाजों पर तैनात बराक पॉइंट डिफेंस मिसाइल सिस्टम के अपग्रेडेशन और प्रबंधन के लिए इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज के साथ समझौता किया गया है। यह सौदा करीब 211.48 मिलियन डॉलर यानी 1,976 करोड़ रुपये का है।
मंत्रालय के बयान के मुताबिक इस कॉन्ट्रैक्ट पर बुधवार को नई दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए। अधिकारियों के अनुसार इस अपग्रेड का मकसद जहाजों पर मौजूद एयर डिफेंस सिस्टम की क्षमताओं को बढ़ाना है, ताकि मिसाइलों या इस तरह के अन्य लक्षित हमलों से जहाजों की सुरक्षा मजबूत हो सके।
कॉन्ट्रैक्ट के तहत इजरायली कंपनी सिस्टम के हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर में सुधार करेगी और तकनीकी समस्याओं को दूर करने में मदद करेगी। इससे नौसेना की पॉइंट-डिफेंस क्षमताओं की रेंज और प्रभावशीलता बेहतर होगी।
इस बीच रक्षा मंत्रालय ने इस महीने की शुरुआत में नौसेना के लिए आठ नेक्स्ट जनरेशन कॉर्वेट की खरीद के लिए गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड और गोवा शिपयार्ड लिमिटेड के साथ 53,866 करोड़ रुपये के दो कॉन्ट्रैक्ट पर हस्ताक्षर किए थे। अनुबंधों के तहत जीआरएसई पांच कॉर्वेट बनाएगी, जबकि जीएसएल शेष तीन तैयार करेगी।
