नई दिल्ली। तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले में एक बीमा कंपनी में नौकरी करने वाली अनीता ने ऑफिस के बाद नारियल की खेती और कारोबार शुरू किया। वित्त वर्ष 2019-20 में उन्होंने अपने बैंक खाते में 1.17 करोड़ रुपये नकद जमा किए। कथित तौर पर उचित दस्तावेज न होने के कारण आयकर विभाग ने इस रकम को धारा 69A के तहत अघोषित आय मानकर टैक्स के दायरे में डाल दिया था।
अनीता का सालाना वेतन 25 लाख रुपये है। उन्होंने कन्याकुमारी में किसानों से नारियल के बागान लीज पर लिए, मजदूरों से कटाई कराई और आसपास के गांवों से सीधे नारियल खरीदकर आधी-छिलाई के बाद बाजार में बेचा। बाद में उन्होंने 16 मार्च 2023 को अपडेटेड रिटर्न (ITR-U) दाखिल कर 1.27 करोड़ रुपये का टर्नओवर दिखाया और धारा 44AD के तहत 8 फीसदी की दर से 10.21 लाख रुपये की कारोबारी आय घोषित की। असेसिंग अधिकारी ने नियमित बहीखाता, खरीद-बिक्री के बिल और स्टॉक रजिस्टर न होने का हवाला देकर पूरी रकम को अघोषित आय माना, जिसे आयकर आयुक्त (अपील) ने भी बरकरार रखा।
इसके बाद अनीता ने चार्टर्ड अकाउंटेंट के. विश्व पद्मनाभन की मदद से चेन्नई स्थित आयकर अपीलीय ट्रिब्यूनल (ITAT) में अपील दायर की। ट्रिब्यूनल ने पाया कि नकद रकम उनके बैंक ओवरड्राफ्ट खाते में जमा की गई थी, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर व्यावसायिक लेनदेन के लिए होता है। लगातार जमा, निकासी और बैंकिंग चैनलों से हुए भुगतान नारियल कारोबार की पुष्टि करते हैं। खरीदारों और किसानों के कन्फर्मेशन को विभाग झूठा साबित नहीं कर सका। ट्रिब्यूनल ने कहा कि सिर्फ बहीखाता न रखने के आधार पर पूरे टर्नओवर को अघोषित आय नहीं माना जा सकता, क्योंकि टर्नओवर में खरीद लागत और खर्चे भी शामिल होते हैं।
ट्रिब्यूनल ने पूरी टैक्स छूट नहीं दी। बिल और स्टॉक रजिस्टर के अभाव में वास्तविक मुनाफे का स्वतंत्र सत्यापन संभव न होने के कारण 1.17 करोड़ रुपये की अघोषित आय के मूल आदेश को रद्द करते हुए निर्देश दिया कि इस नकद जमा का 8 फीसदी यानी 9,41,600 रुपये अतिरिक्त कारोबारी आय के रूप में जोड़ा जाए। यह रकम पहले से घोषित 10.21 लाख रुपये के अतिरिक्त टैक्सेबल होगी। टैक्स विशेषज्ञों के मुताबिक, यह फैसला उन नौकरीपेशा लोगों के लिए मिसाल है जो साइड बिजनेस करते हैं, बशर्ते वे सैलरी और कारोबारी लेनदेन के लिए अलग बैंक खाता और बुनियादी रिकॉर्ड रखें।
