जम्मू के सीमावर्ती गांव सतराईयां में गुरुवार दोपहर शार्ट सर्किट से लगी आग में किसान शैलो सिंह की 24 कनाल भूमि पर खड़ी बासमती धान की फसल जलकर राख हो गई। घटना से किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित किसान ने सरकार और प्रशासन से नुकसान का आकलन कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की है।

किसान शैलो सिंह और परमजीत सिंह मन्हास ने बताया कि दोपहर को उन्हें फोन पर आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक फसल नष्ट हो चुकी थी। आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पूर्व पंच प्रवीण सिंह ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में किसानों को पहले भी गेहूं की फसल में आग लगने से नुकसान उठाना पड़ा है, लेकिन गांव में बासमती की खड़ी फसल जलने का यह पहला मामला है। उन्होंने कहा कि शैलो सिंह के पास जितनी भी फसल थी, वह नष्ट हो चुकी है, जिससे किसान के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। प्रशासन से मांग की गई है कि जल्द से जल्द नुकसान का आकलन कराकर पीड़ित किसान को उचित मुआवजा दिया जाए।

एसडीएम आरएसपुरा अनुराधा ठाकुर ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों की टीम जल्द ही घटनास्थल का दौरा करेगी और नुकसान की स्थिति का जायजा लेगी। उन्होंने कहा कि मौके पर जाकर पूरी जानकारी प्राप्त की जाएगी।