ऋषिकेश के स्वर्गाश्रम जौंक क्षेत्र में वेद निकेतन के पास स्थित जानकी सेतु को नया रूप दिया जाएगा। नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक की योजना के तहत पुल के पिलरों पर बदरीनाथ और केदारनाथ धाम की भव्य थ्रीडी कलाकृतियां उकेरी जाएंगी। ये कलाकृतियां दूर से ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करेंगी। निकाय की ओर से करीब सात लाख रुपये की लागत से दोनों पिलरों के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है।
मुनिकीरेती और स्वर्गाश्रम को जोड़ने वाले इस पुल से रोजाना हजारों श्रद्धालु, स्थानीय लोग और पर्यटक आवागमन करते हैं। गंगा के ऊपर बने इस पुल से गंगा, पहाड़ों और आश्रमों का मनमोहक नजारा दिखाई देता है। आगामी अर्धकुंभ को देखते हुए निकाय ने सुंदरीकरण की योजना तैयार की है। स्वर्गाश्रम क्षेत्र से पिलर लंबे समय से सादे और बेरंग दिखाई दे रहे थे, इसलिए इन्हें धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से आकर्षक बनाने की योजना बनाई गई है।
योजना के तहत एक पिलर पर बदरीनाथ धाम और दूसरे पर केदारनाथ धाम की थ्रीडी पेंटिंग बनाई जाएगी। साथ ही आसपास गंगा, हिमालय, फूलों और धार्मिक प्रतीकों की कलाकृतियां भी उकेरी जाएंगी। रात में इन कलाकृतियों को देखने के लिए विशेष लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। करीब एक माह में काम पूरा करने की तैयारी है।
पुल के पिलरों पर बदरीनाथ और केदारनाथ की थ्रीडी कलाकृतियां बनने से पुल की सुंदरता बढ़ेगी और जो यात्री चारधाम नहीं जा पाते, उन्हें यहीं से उक्त कलाकृति के माध्यम से धामों की झलक देखने को मिलेगी। सुंदरीकरण के बाद जानकी सेतु क्षेत्र सेल्फी प्वाइंट के रूप में भी विकसित होने की उम्मीद है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और आसपास के व्यापारियों को भी लाभ होगा। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने नगर पंचायत की इस पहल का स्वागत किया है। अधिशासी अधिकारी दीपक शर्मा के अनुसार टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही काम शुरू कर दिया जाएगा और कोशिश है कि काम तय समय में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा हो, ताकि आने वाले पर्यटन सीजन में श्रद्धालु और पर्यटक सजे हुए जानकी सेतु का आनंद ले सकें।
