रांची। झारखंड विधानसभा में एमएमडीआर एक्ट पर विशेष सत्र के दूसरे दिन गंभीर चर्चा के बीच हास्य-परिहास भी देखने को मिला। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खनन बिल में संशोधन के खिलाफ राज्यस्तरीय संकल्प पेश किया, जिसमें उन्होंने इस बिल से राज्य को हजारों करोड़ के नुकसान की बात कही। विधायकों ने खनन बिल को राज्य के लिए नुकसानदेह बताते हुए विरोध किया।

सदन में बेरमो के कांग्रेस विधायक अनूप सिंह ने बाबूलाल मरांडी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उनका सम्मान है, भरोसा नहीं, अभी तक कुतुबमीनार से नहीं कूदे हैं। इस पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी तुरंत खड़े हुए और कहा कि कुतुबमीनार से कूद गए थे, भाजपा वालों ने बचा लिया। उनके इतना कहने पर पूरा सदन हंसने लगा। खनन संशोधन बिल के खिलाफ सुरेश पासवान ने कहा कि भाजपा गरीब-गुरबा की बात नहीं सुनती और अदाणी-अंबानी का काम करती है। भाजपा विधायकों ने इसका विरोध किया।

एमएमडीआर संशोधन अधिनियम, 2026 के खिलाफ लाए गए राजकीय संकल्प का मरांडी ने विरोध किया। उन्होंने कहा कि संसद के मानसून सत्र में संशोधन का प्रस्ताव आया था, तब राहुल गांधी कुछ नहीं बोले और विपक्ष ने संसद नहीं चलने दी, जबकि उस समय अपनी बात रखने का अवसर था। अब झारखंड विधानसभा में इस मुद्दे पर राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य की खदानों की नीलामी नहीं हो रही, लौह खदानें बंद हैं और सात सालों में बालू की नीलामी नहीं हुई, जबकि सरकार संसाधन की कमी बता रही है।

मरांडी ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि मोदी सरकार ने खनिज राजस्व कई गुणा अधिक दिया है और सेस के नाम पर राजस्व की क्षति की बात सही नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र ने झारखंड का कोई अधिकार नहीं छीना, राज्य के पास पर्याप्त संसाधन हैं, लेकिन उनका सही उपयोग नहीं हो पा रहा। उन्होंने दावा किया कि पिछले एक दशक में राज्य के खनिज राजस्व में 354 प्रतिशत की वृद्धि हुई और कांग्रेस शासन के मुकाबले अब राज्यों की हिस्सेदारी बढ़कर 88.53 प्रतिशत हो गई है। उन्होंने कहा कि 2025-26 में विदेश से करीब 12 लाख करोड़ रुपये का खनिज खरीदना पड़ा, इसी वजह से केंद्र को एमएमडीआर कानून में संशोधन की जरूरत महसूस हुई।