रांची। झारखंड के गोड्डा जिले के दिव्यांग छात्र मो. फैजानुल्लाह ने दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत से प्रेरणादायक उपलब्धि हासिल की है। सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित फैजानुल्लाह दांतों से पेन पकड़कर लिखते हैं और इसी तरह लिखकर उन्होंने जैक मैट्रिक परीक्षा 2026 में 93.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। उनका नामांकन गोड्डा के यूएचएस शिवाजीनगर में रहा है। उनकी पढ़ाई झारखंड सरकार की समावेशी शिक्षा व्यवस्था के तहत होम-बेस्ड एजुकेशन के माध्यम से संचालित हुई।
गुरुवार को फैजानुल्लाह ने झारखंड विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि वे सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित हैं और दांतों से पेन पकड़कर पढ़ाई तथा परीक्षा देते हैं। फैजानुल्लाह ने मुख्यमंत्री को अपनी पढ़ाई और परीक्षा में मिली सफलता के बारे में भी जानकारी दी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने फैजानुल्लाह के पढ़ाई के प्रति समर्पण, मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति की सराहना की। उन्होंने छात्र को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उसका हौसला बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से फैजानुल्लाह को हरसंभव मदद दी जाएगी।
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि मो. फैजानुल्लाह की यह उपलब्धि न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश में समावेशी शिक्षा, दृढ़ इच्छाशक्ति और दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा का एक प्रेरणादायक उदाहरण है। मौके पर राज्य सरकार के कई मंत्री और विधायक भी उपस्थित थे।
