समाजवादी पार्टी ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है, जिसे पार्टी ने 'पीडीए प्रण पत्र' नाम दिया है। सपा का दावा है कि यह घोषणापत्र वंचितों और उपेक्षितों की रक्षा का संकल्प है। घोषणापत्र में समाजवादी विचारक राम मनोहर लोहिया की 'दाम बांधो' नीति पर काफी जोर दिया गया है, जिसका मकसद महंगाई, जमाखोरी और कालाबाजारी से निपटने के लिए जरूरी चीजों की कीमतों को नियंत्रित करना है। इसके तहत बड़े शहरों में 'फेयर प्राइस मार्केट' बनाए जाएंगे, जहां सरकार जरूरी चीजों की कीमतें तय करेगी।
इस घोषणापत्र का एक दिलचस्प 'न्यूयॉर्क कनेक्शन' भी है। न्यूयॉर्क में हाल ही में हुए मेयर चुनावों में भारतीय मूल के उम्मीदवार जोहरान ममदानी ने जीत हासिल की थी। उस चुनाव में जरूरी चीजों की बढ़ती कीमतें एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा थीं और इसने ममदानी की जीत में बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने पांच ऐसी किराने की दुकानें खोलने का वादा किया था, जहां जरूरी सामान आम खुदरा कीमतों से 30 प्रतिशत कम दाम पर बेचे जाएंगे।
सपा के घोषणापत्र में स्कूल की फीस और अस्पताल के खर्चों पर सीमा लगाने का भी वादा किया गया है। आरक्षित वर्ग के छात्रों की निजी स्कूलों में फीस सरकार की तरफ से देने की बात कही गई है। इसके अलावा 2017 के बाद बंद किए गए 26 हजार से अधिक सरकारी प्राइमरी स्कूलों को फिर से खोलने का ऐलान किया गया है और शिक्षा का बजट बढ़ाकर यूपी की जीडीपी के 6 प्रतिशत के आसपास रखने का लक्ष्य रखा गया है।
घोषणापत्र में राज्य स्वास्थ्य नीति 2027 लागू कर गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों को 10 लाख रुपये तक का हेल्थ इंश्योरेंस देने का वादा किया गया है। सरकारी अस्पतालों में गरीब और पीडीए परिवारों के लिए निशुल्क इलाज की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही यूपी के सभी 18 मंडलों में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने की घोषणा की गई है।
