विश्व बाल दिवस पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची के कांके स्थित आवासीय कार्यालय में बाल पत्रकारों से मुलाकात की। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों से उन्होंने खेलकूद, पढ़ाई और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर बातचीत की। इस दौरान सीएम ने कहा कि राज्य की सभी पंचायतों में खेल मैदान बनाए जाएंगे, हालांकि इसमें कुछ समय लगेगा और यह सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि सभी जिलों में पुस्तकालय बनाए जा रहे हैं और सरकारी स्कूलों में खेल सामग्री उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।
बाल पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्होंने बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम तथा स्कूल से ड्रॉप आउट बच्चों को मुख्यधारा में लाने में भूमिका निभाई है। सीएम ने कहा कि बाल विवाह कानूनी अपराध है और प्रकृति के विरुद्ध भी है। उन्होंने बताया कि स्कूलों में माहवारी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और किशोरियों को सैनेटरी पैड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यों से दूर रखने के लिए समीक्षा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। अधिकारियों को एक दिन अपने क्षेत्र के स्कूलों में रहकर विद्यार्थियों से बातचीत करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर राज्य सरकार ने सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों में बेहतर सुविधाओं वाला एक-एक अस्पताल सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए मौजूदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को 50 बेड के अस्पताल में अपग्रेड किया जाएगा। 47 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को 50 बेड वाले फर्स्ट रेफरल यूनिट तथा 86 केंद्रों को 50 बेड वाले अनुमंडलीय अस्पताल/एफआरयू के रूप में अपग्रेड किया जाएगा। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की विशेष सचिव डॉ. नेहा अरोड़ा की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में अस्पतालों को इंडियन पब्लिक हेल्थ स्टैंडर्ड के मानकों के अनुरूप विकसित करने पर भी चर्चा हुई। स्वास्थ्य संस्थानों में मानव संसाधन की समीक्षा की गई, जिसमें आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में एएनएम की उपलब्धता, स्टाफ नर्स की स्थिति और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में फिजियोथेरेपिस्ट की जरूरत से जुड़े जिलावार आंकड़े प्रस्तुत किए गए। अप्रचलित और अनुपयोगी पद सरेंडर कर आवश्यकता आधारित नए पदों के सृजन पर विचार हुआ, जबकि जहां नियमित नियुक्तियों से तत्काल जरूरत पूरी करना संभव नहीं होगा, वहां आउटसोर्सिंग के विकल्प पर भी मंथन किया गया। बैठक में अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, नवनियुक्त आईएएस अधिकारी दीप्ति रोहिल्ला, डीआईसी डॉ. शोभना टोप्पो सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
