देवघर की खिलाड़ी रिधिका यादव ने जयपुर में आयोजित राष्ट्रीय एरोबिक जिम्नास्टिक चैंपियनशिप 2026-27 में कांस्य पदक जीतकर झारखंड का नाम रोशन किया है। 12 से 16 नवंबर तक चली इस प्रतियोगिता में रिधिका ने अपनी मेहनत और खेल कौशल के दम पर यह उपलब्धि हासिल की। वह मोहित केसरी के देखरेख में अभ्यास करती हैं।

रिधिका के इस प्रदर्शन से देवघर के खेल जगत में खुशी की लहर है। देवघर जिला जिम्नास्टिक संघ के अध्यक्ष अजय खवाड़े ने उनकी उपलब्धि पर हर्ष जताया है। उन्होंने कहा कि रिधिका के देवघर आगमन पर जिला जिम्नास्टिक संघ की ओर से उन्हें सम्मानित किया जाएगा।

अजय खवाड़े ने कहा कि रिधिका की यह सफलता जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि रिधिका आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देवघर व झारखंड का गौरव बढ़ाती रहेंगी।