कन्नौज के ठठिया क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार भोर एक स्कूल बस को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में कौशांबी के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल के चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हुए हैं। बस कौशांबी जिले के सिराथू क्षेत्र के अफजलपुरवारी स्थित ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की थी और उसमें 50 बच्चे तथा छह शिक्षक सवार बताए जा रहे हैं। ये बच्चे कौशांबी से कन्नौज पिकनिक पर जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि माइलस्टोन 210 के पास बस चालक ने टॉयलेट के लिए वाहन किनारे रोका था। इसी दौरान आगरा की ओर से आ रहे ट्रक ने खड़ी बस में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद बच्चे बस के अंदर फंस गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
मृतकों में 14 वर्षीय आर्यन चौरसिया, 16 वर्षीय रजिउल्ला, 17 वर्षीय जैदमिर्जा और 17 वर्षीय अरमान शामिल हैं। घायल छात्रों और स्टाफ सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में अस्मित चौरसिया, अदुर रहमान, उमेशारा, अहमद रजा, अभिषेक कुमार, मुजस्सिम शेख, अरब्ध गुप्ता और सलमान सिद्दिकी के नाम बताए गए हैं।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से बचाव अभियान चलाया। घायल चालक मो. जाहिद को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
