जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPO) बाबी चंद और रशपाल कुमार की हत्या के बाद बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा विधायक शगुन परिहार ने आरोप लगाया था कि दोनों हत्याओं का आदेश एक मस्जिद से दिया गया था। इस बयान के बाद विवाद खड़ा हो गया।

किश्तवाड़ की जामा मस्जिद के इमाम और 'इस्लामी मरकज-ए-मजलिस शूरा' के चेयरमैन फारूक किचलू ने इस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया। शुक्रवार की नमाज के बाद लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने जिले के इमामों से बात की है और यह दावा झूठा निकला। किचलू ने बताया कि वह किश्तवाड़ की 601 मस्जिदों के इमामों के चेयरमैन हैं और उन्होंने अपने सूत्रों से पुष्टि की है कि ऐसी कोई बात नहीं हुई।

इमाम किचलू ने बताया कि उनके एक छात्र ने उन्हें जानकारी दी कि जिस व्यक्ति ने सबसे पहले यह आरोप लगाया था, वह उनसे मिलना चाहता है। इमाम ने उस व्यक्ति की पहचान नहीं बताई। उनके अनुसार, छात्र ने बताया कि उस व्यक्ति को अपनी गलती का एहसास हो गया है। इमाम ने कहा कि उन्होंने उससे सोशल मीडिया पर माफी मांगने को कहा, जिससे मामला खत्म हो जाए। उन्होंने कहा कि वह सांप्रदायिक सद्भाव के पक्षधर हैं और विधायक की टिप्पणियों के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करने के सुझावों का विरोध किया था।

विधायक शगुन परिहार ने एसपीओ की हत्या के बाद यह भी दावा किया था कि आतंकियों को इन दोनों अधिकारियों के रास्ते की जानकारी लीक कर दी गई थी। इमाम के बयान पर शुक्रवार देर शाम तक विधायक ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इस हत्या के बाद पिछले हफ्ते पोस्ट किए गए एक वीडियो में कुछ अज्ञात स्थानीय लोग विधायक के सामने मस्जिद से ऐलान का आरोप लगाते दिखे थे, जिसे उन्होंने बाद में सार्वजनिक किया। गुरुवार को विधायक दचन के लोगों के एक प्रतिनिधिमंडल को लेकर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मिलीं। दचन में ही दोनों एसपीओ रहते थे।