इंडियन यूथ कांग्रेस ने शुक्रवार को हैदराबाद, मुंबई और गुरुग्राम में मेटा के ऑफिसों के बाहर प्रदर्शन किया। हैदराबाद में प्रदर्शनकारी ऑफिस के अंदर घुस गए और वहां एक गमला टूटा मिला। मुंबई में प्रदर्शन के दौरान BKC स्थित वर्ल्ड वन बिल्डिंग के शीशे पर ‘RSS का बेटा मेटा’ लिखा गया, जिससे शीशे को नुकसान पहुंचा। मुंबई पुलिस ने शनिवार को यूथ कांग्रेस अध्यक्ष जीना सबरीन, नेशनल यूथ कांग्रेस सचिव पवन मजेठिया, निखिल रुपारेल और जाफर के खिलाफ FIR दर्ज की है। 15 से 20 अज्ञात महिलाओं को भी आरोपी बनाया गया है। मामला BNS की धारा 223, महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की धारा 37(3) और 135 तथा महाराष्ट्र प्रिवेंशन ऑफ डिफेसमेंट ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट, 1995 की धारा 3 के तहत दर्ज किया गया है।
यूथ कांग्रेस के मुताबिक, मेटा ने 19 नवंबर को संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट पर पाबंदी लगाई थी। संगठन ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई भाजपा के कहने पर की गई और दोनों अकाउंट सात दिनों के भीतर बहाल करने की मांग की। संगठन ने कहा था कि अगर विपक्षी नेताओं, पत्रकारों और कंटेंट क्रिएटर्स के अकाउंट पर लगी पाबंदियां नहीं हटीं तो देशभर में मेटा के ऑफिसों के बाहर प्रदर्शन किए जाएंगे।
तेलंगाना यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जक्किडी शिव चरण रेड्डी के नेतृत्व में कार्यकर्ता हैदराबाद स्थित मेटा ऑफिस पहुंचे थे। सामने आए वीडियो में प्रदर्शनकारी ऑफिस के गलियारों और कैफेटेरिया में दिखाई दिए। पुलिस ने 20 से 21 प्रदर्शनकारियों को एहतियातन हिरासत में लिया, जिन्हें करीब तीन घंटे बाद छोड़ दिया गया। मुंबई में प्रदर्शनकारियों ने IT और सूचना-प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव का पोस्टर भी जलाया। यूथ कांग्रेस ने X पर दावा किया कि 20 नवंबर को कार्यकर्ताओं के मेटा ऑफिस पहुंचने के 15 मिनट बाद दोनों इंस्टाग्राम अकाउंट बहाल कर दिए गए।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने शनिवार को X पर पोस्ट कर प्रदर्शन की आलोचना की। उन्होंने वर्ल्ड AI समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं ने बिना कपड़ों के समिट में घुसकर भारत का अपमान किया था। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए भंडारी ने कहा कि प्राइवेट कंपनियों के ऑफिस में तोड़फोड़ करना कांग्रेस का मॉडल है। BRS के कार्यकारी अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व मंत्री केटी रामाराव (KTR) ने भी हैदराबाद में हुए प्रदर्शन की आलोचना की। उन्होंने कहा कि इस घटना से शहर की कारोबारी छवि और निवेश के माहौल को नुकसान पहुंचा है। KTR ने कहा कि मेटा ने भारत में अपना सबसे बड़ा कैंपस हैदराबाद में बनाया है और कंपनी ने यहां सुरक्षित कामकाजी माहौल के भरोसे निवेश किया था। उन्होंने कहा, ‘कल की घटना में सिर्फ शीशे नहीं टूटे, बल्कि ब्रांड हैदराबाद का भरोसा भी टूटा है।’
