सोशल मीडिया कंपनी मेटा और विपक्षी दल के बीच टकराव बढ़ गया है। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय पदाधिकारियों के इंस्टाग्राम अकाउंट रोके जाने के विरोध में शुक्रवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने हैदराबाद, मुंबई और गुरुग्राम स्थित मेटा के कार्यालयों पर प्रदर्शन किया। हैदराबाद के रायदुर्गम स्थित आईटी परिसर में हुए प्रदर्शन और तोड़फोड़ के बाद पुलिस ने तेलंगाना युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जक्कीदी शिव चरण रेड्डी सहित 21 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। कंपनी द्वारा दोनों खाते बहाल किए जाने के बाद युवा कांग्रेस ने मेटा पर राजनीतिक पक्षपात का आरोप लगाते हुए सात दिनों का अल्टीमेटम जारी किया है।

पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे की है। हाथों में तख्तियां लिए लगभग 25 कांग्रेस कार्यकर्ता रायदुर्गम स्थित 'स्काई व्यू' के उच्च सुरक्षा वाले एक्सेस-नियंत्रित परिसर में दाखिल हुए, जहां मेटा का कॉर्पोरेट कार्यालय स्थित है। प्रदर्शनकारियों ने परिसर के भीतर नारेबाजी की और गलियारे में रखे फूलों के गमले तथा अन्य सामान तोड़ दिए। इसके बाद वे वहीं धरने पर बैठ गए।

सूचना मिलते ही रायदुर्गम पुलिस मौके पर पहुंची। रायदुर्गम इंस्पेक्टर टी. भूपति ने बताया कि प्रदर्शन करने पहुंचे तेलंगाना युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जक्कीदी शिव चरण रेड्डी और 20 अन्य कार्यकर्ताओं को एहतियातन हिरासत में लिया गया। बाद में जरूरी जमानत मुचलके पेश करने पर सभी को रिहा कर दिया गया।

विवाद की शुरुआत यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट रोके जाने से हुई थी। खाते बहाल होने के बाद भी युवा कांग्रेस ने सोशल मीडिया कंपनी के खिलाफ अपना रुख कड़ा कर दिया है। संगठन ने 'एक्स' पर मेटा को भाजपा का बेटा बताते हुए कहा कि भारत एक लोकतंत्र है, किसी की निजी संपत्ति नहीं। संगठन ने मेटा से निष्पक्ष मंच के रूप में काम करने की अपील की। युवा कांग्रेस ने सात दिनों का अल्टीमेटम देते हुए विपक्षी आवाजों, पत्रकारों और कंटेंट क्रिएटर्स पर लगे सभी प्रतिबंधों और पोस्ट्स से पाबंदियां हटाने की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि तय समयसीमा में मांगें पूरी नहीं हुईं तो वह यह लड़ाई अदालतों, सड़कों और कंपनी के दफ्तरों तक लेकर जाएगी।