कुलगाम जिले के लारू इलाके में सेना ने उन दो आतंकियों को मार गिराया है, जिन्होंने पांच दिन पहले CRPF पोस्ट पर तैनात जवानों पर गोलीबारी की थी। उस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हुए थे। कश्मीर जोन पुलिस ने X पर बताया कि मारे गए आतंकी लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के घाटी में बचे एकमात्र कमांडर लतीफ भट और उसका साथी उमर निसार डार हैं। सुरक्षा एजेंसियों को उमर का शव मिल गया है, जबकि लतीफ का शव नहीं मिला है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में लतीफ के घायल होकर छिपे होने की बात कही गई है। सर्च ऑपरेशन जारी है।

सेना के एक अधिकारी के मुताबिक, आतंकियों की सूचना मिलने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की थी। तलाशी के दौरान संदिग्ध ठिकाने के पास पहुंचते ही छिपे आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी हुई। करीब तीन घंटे चली मुठभेड़ के बाद दोनों को मार गिराया गया। एनकाउंटर के दौरान सेना ने घटनास्थल के आसपास के स्कूलों से बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

गौरतलब है कि 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में आतंकियों के हमले में CRPF के तीन जवान घायल हुए थे। घायल जवानों की पहचान हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर, कॉन्स्टेबल संतानो और कॉन्स्टेबल राकेश दास के तौर पर हुई है। तीनों CRPF की 46वीं बटालियन में तैनात हैं। हमले का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें हमलावर 15 सेकंड के भीतर करीब 30 राउंड फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। हमले के बाद से सुरक्षाबल हमलावरों की तलाश में बड़ा अभियान चला रहे थे।

पिछले छह महीनों में जम्मू-कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के चार कमांडर मारे गए हैं। इनमें लतीफ के अलावा जाकिर अहमद गनई, यासिर और मूसा उर्फ आसिफ फौजी शामिल हैं। जाकिर अहमद गनई 8 जुलाई 2026 को शोपियां में मारा गया, जबकि यासिर 4 सितंबर को ऑपरेशन असधर और मूसा उर्फ आसिफ फौजी 30 सितंबर को बडगाम में ऑपरेशन शेरुवाली के दौरान मारा गया। जम्मू-कश्मीर में 2024 से अब तक 548 आतंकी घटनाएं हुई हैं, जिनमें 45 जवान शहीद हुए और 138 आतंकी मारे गए।