उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की चार नई टाउनशिप में 1220 करोड़ रुपये की लागत से चार ट्रांसमिशन बिजली उपकेंद्र बनाएगा। अधिकारियों के अनुसार इस परियोजना से लखनऊ की बढ़ती आबादी को 40 साल तक 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी और बिजली संकट से राहत मिलेगी।
ट्रांसमिशन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक एक माह के भीतर ट्रांसमिशन वर्क कमेटी (टीडब्ल्यूसी) की बैठक में इन प्रस्तावों को मंजूरी मिलने की उम्मीद है, जिसके बाद काम शुरू कर दिया जाएगा। मुख्य अभियंता ट्रांसमिशन के अनुसार यदि कोई रुकावट नहीं आई तो सभी उपकेंद्र दिसंबर 2029 तक बनकर तैयार हो जाएंगे। इसके लिए एलडीए ने जमीन फाइनल कर दी है।
एलडीए की वेलनेस सिटी, आइटी सिटी, नैमिष विहार और वरुण विहार में ये उपकेंद्र बनाए जाएंगे। सुलतानपुर रोड स्थित आइटी सिटी में 765 केवीए का सबसे बड़ा उपकेंद्र बनेगा, जिसके लिए 53 एकड़ जमीन दी जा रही है और 600 करोड़ रुपये से अधिक का खर्च आएगा। आगरा एक्सप्रेसवे के पास वरुण विहार में 400 केवीए का उपकेंद्र 26 एकड़ जमीन पर बनेगा, जिस पर तीन सौ करोड़ रुपये खर्च होंगे। नैमिष विहार और वेलनेस सिटी में 12.5-12.5 एकड़ जमीन पर 220-220 केवीए के दो उपकेंद्र बनाए जाएंगे, जिन पर 160-160 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
इन उपकेंद्रों से एलडीए की कालोनियों के साथ आसपास की आबादी और 33 केवी उपकेंद्रों को भी फायदा होगा। इन उपकेंद्रों पर दूसरा और तीसरा सोर्स जोड़ा जा सकेगा, जिससे बिजली प्रभावित होने पर मरम्मत तक वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में बिजली दी जा सकेगी। मुख्य अभियंता संजय गुप्ता ने कहा कि टीडब्ल्यूसी की बैठक में प्रस्तावों को स्वीकृति मिलनी तय है और जल्द काम शुरू होगा, तथा निर्धारित तिथि पर ही उपकेंद्र चालू करने का पूरा प्रयास रहेगा।
