लखनऊ की पश्चिमी जोन पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को बड़ी सफलता हासिल की। DCP पश्चिमी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में साइबर सेल, सर्विलांस सेल और पश्चिमी जोन के सभी थानों की साइबर हेल्प डेस्क टीमों ने मिलकर कुल 233 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 50.50 लाख रुपये बताई जा रही है। शुक्रवार को DCP ने ये सभी फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए।

पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के निर्देश पर CEIR पोर्टल और जनशिकायत प्रकोष्ठ पर मिले प्रार्थना पत्रों के आधार पर यह अभियान चलाया गया। सहायक साइबर नोडल अधिकारी और ACP कैसरबाग गौरव उपाध्याय के नेतृत्व में टीमों ने तकनीकी सर्विलांस का इस्तेमाल करते हुए लखनऊ के अलावा अलग-अलग जिलों और दूसरे प्रांतों से ये मोबाइल फोन बरामद किए।

बरामद फोन में 55 रेडमी, 40 ओप्पो, 39 वीवो, 35 रियलमी, 29 वनप्लस, 20 सैमसंग और अन्य कंपनियों के 15 स्मार्टफोन शामिल हैं। थानावार आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक करीब पौने 10 लाख रुपये के 45 मोबाइल थाना नाका, 8.80 लाख के 44 मोबाइल थाना चौक, 9.32 लाख के 41 मोबाइल सर्विलांस सेल पश्चिमी और 9.02 लाख के 38 मोबाइल थाना पारा की टीम ने बरामद किए। इसके अलावा ठाकुरगंज से 15, वजीरगंज से 11, दुबग्गा से 9, सआदतगंज से 8, तालकटोरा से 7, काकोरी और अमीनाबाद से 5-5, बाजारखाला से 3 और कैसरबाग से 2 मोबाइल फोन बरामद हुए।

लखनऊ पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल प्ले स्टोर से UPCOP ऐप डाउनलोड कर नया सिम लेने के बाद LAR दर्ज कराएं। इसके बाद आधार कार्ड और मोबाइल खरीद बिल की पीडीएफ प्रति के साथ भारत सरकार के CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर फोन को ब्लॉक कराएं और नोटिफिकेशन मिलने पर नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क से संपर्क करें।