गूगल क्रोम का इस्तेमाल देश में बड़ी संख्या में लोग करते हैं। ब्राउज़र खोलते ही होम पेज पर बीचों-बीच क्रोम का आइकन, सर्च बार और सफेद बैकग्राउंड दिखता है। अगर आप सालों से इसी होम पेज को देखकर बोर हो गए हैं, तो क्रोम आपको अपनी पसंद के मुताबिक इसे पर्सनलाइज करने का विकल्प देता है। डेस्कटॉप यूजर्स नए टैब पेज के बैकग्राउंड में फोटो लगा सकते हैं, गूगल के कलेक्शन से थीम चुन सकते हैं या ब्राउज़र का रंग बदल सकते हैं। इसके लिए सिर्फ मामूली सेटिंग्स बदलनी होती हैं और यह काम कुछ ही मिनटों में पूरा हो जाता है।

बदलाव करने से पहले यह समझना जरूरी है कि आप किस पेज में बदलाव कर रहे हैं। नया टैब खोलने पर जो पेज दिखता है उसे न्यू टैब पेज कहते हैं, जबकि होम बटन दबाने पर खुलने वाला पेज होम पेज होता है। ब्राउज़र शुरू होने पर जो पेज खुलता है उसे स्टार्टअप पेज कहा जाता है। क्रोम में न्यू टैब पेज को ही होम पेज या स्टार्टअप पेज बनाया जा सकता है, जिससे ब्राउज़िंग के दौरान इन पेजों पर भी आपकी पसंद का बैकग्राउंड और थीम दिखेगा।

थीम और बैकग्राउंड बदलने के लिए सबसे पहले गूगल अकाउंट से साइन इन करें और गूगल को डिफॉल्ट सर्च इंजन के तौर पर चुनें। इसके बाद क्रोम में नया टैब खोलें और पेज पर नीचे दाईं ओर कस्टमाइज क्रोम पर क्लिक करें। इसके बाद अपियरेंस टैब खुल जाएगा, जहां चेंज थीम का विकल्प मिलेगा। इससे थीम बदली जा सकती है या गैलरी से कोई थीम चुनी जा सकती है। डिवाइस में सेव फोटो को बैकग्राउंड बनाने के लिए अपलोड एन इमेज पर क्लिक करना होगा।

अपियरेंस सेक्शन में कलर विकल्प के साथ लाइट, डार्क और डिवाइस मोड का विकल्प भी है। डिवाइस मोड चुनने पर क्रोम आपके कंप्यूटर की थीम को फॉलो करता है। अगर आप चाहते हैं कि क्रोम लॉन्च होने पर नया टैब पेज दिखे, तो सेटिंग्स में स्टार्टअप चुनकर नया टैब पेज खोलें का विकल्प चुनें। होम पेज को अपियरेंस के तहत अलग से कॉन्फिगर किया जा सकता है, जहां होम बटन दिखाएं विकल्प नए टैब पेज और कस्टम वेब पते के बीच चुनने की सुविधा देता है।