ग्रेटर नोएडा में आयोजित पीएमईसी इंडिया में एआई आधारित स्वचालित विजुअल इंस्पेक्शन मशीन 'सी-ट्रू' प्रदर्शित की गई। यह मशीन एक मिनट में 600 उत्पादों की गुणवत्ता जांच कर सकती है और छोटी से छोटी खामी पहचानकर खराब उत्पादों को स्वचालित रूप से अलग कर सकती है।
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में तीन दिवसीय फार्मास्युटिकल मशीनरी एंड इक्विपमेंट कनवेंशन (पीएमईसी) इंडिया का आयोजन किया गया। यहां औद्योगिक उत्पादन में गुणवत्ता जांच को तेज और सटीक बनाने के लिए विकसित की गई एआई आधारित स्वचालित विजुअल इंस्पेक्शन मशीन सी-ट्रू प्रदर्शित की गई। कंपनी के पदाधिकारी के अनुसार यह मशीन एक मिनट में 600 उत्पादों की जांच करने में सक्षम है।
मशीन में हाई पिक्सल और हाई फ्रेम रेट कैमरों के साथ एआई आधारित डीप लर्निंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसकी मदद से उत्पादों में मौजूद छोटी से छोटी खामी की पहचान कर खराब उत्पादों को स्वचालित तरीके से अलग किया जा सकता है। मशीन की प्रमुख विशेषताओं में फिलिंग वॉल्यूम की जांच, उत्पादों में दिखाई देने वाले कणों की पहचान और कॉस्मेटिक डिफेक्ट का पता लगाना शामिल है। जरूरत के अनुसार हाई वोल्टेज लीकेज डिटेक्शन, वैक्यूम या प्रेशर डिके मेथड और हेडस्पेस गैस एनालिसिस जैसी सुविधाएं भी जोड़ी जा सकती हैं।
मशीन की खासियत कैमरा नॉन-ट्रैकिंग विजुअल इंस्पेक्शन सिस्टम है, जिससे स्थिर और स्पष्ट तस्वीरें प्राप्त कर उत्पादों की जांच की जाती है। इसमें सर्वो-ड्रिवन सिस्टम लगाया गया है, जो तेज गति के साथ स्थिर रोटेशन सुनिश्चित करता है। अलग-अलग उत्पादों और उनकी खामियों के अनुसार निरीक्षण की प्रक्रिया को कस्टमाइज भी किया जा सकता है। मशीन में सांख्यिकीय रिपोर्ट तैयार करने की सुविधा भी है। उत्पादन के दौरान कोई बोतल गिरने पर इनफीड मॉनिटरिंग सिस्टम अलार्म बजाकर मशीन को बंद कर सकता है। मशीन के सॉफ्टवेयर में रेसिपी मैनेजमेंट, तीन स्तर का यूजर प्रिविलेज, इलेक्ट्रॉनिक सिग्नेचर और ऑडिट ट्रेल जैसी सुविधाएं दी गई हैं, जिनके माध्यम से डाटा को डाउनलोड, स्टोर, बैकअप और प्रिंट किया जा सकता है।
