संगम की रेती पर लगने वाले माघ मेला 2026 में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए इस बार करीब 450 सीसीटीवी कैमरों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक से लैस किया जाएगा। मेला क्षेत्र के सभी सेक्टरों में लगाए जाने वाले इन हाइटेक कैमरों को कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा, जहां पुलिसकर्मी ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखेंगे। अधिकारियों के अनुसार सॉफ्टवेयर के जरिए कैमरों में एआई तकनीक इनबिल्ट की जाएगी, जिससे रियल टाइम अलर्ट मिल सकेगा।
इस तकनीक से भीड़ नियंत्रण और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान में मदद मिलेगी। भीड़ बढ़ने पर रूट डायवर्ट करने तथा संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखने पर तत्काल कदम उठाने में सहूलियत होगी। मेले के प्रवेश और निकास द्वार पर भी एआई कैमरों की मदद ली जाएगी। संगम क्षेत्र, झूंसी, नागवासुकी, बड़े हनुमान मंदिर और त्रिवेणी रोड पर भीड़ का दबाव अधिक रहता है, इसलिए इन इलाकों पर विशेष जोर दिया गया है।
मेले में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं, स्नानार्थियों, कल्पवासियों और पर्यटकों के आने का अनुमान है। डीसीपी माघ मेला विवेक चंद्र यादव के अनुसार मेला क्षेत्र में लगने वाले सभी सीसीटीवी को एआई से लैस किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और क्राउड मैनेजमेंट को बेहतर बनाने में आसानी होगी। कंट्रोल रूम से गतिविधियों की मॉनिटरिंग की जाएगी।
मेला क्षेत्र के विस्तार और श्रद्धालुओं के निजी वाहनों से आगमन को देखते हुए पुलिस अपनी योजना में बदलाव कर रही है। इसके तहत परेड मैदान के साथ अब झूंसी में भी एक ट्रैफिक पुलिस लाइन बनाई जाएगी, जिससे मेला अवधि में श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिल सकेगी।
