WhatsApp ने Android और iOS यूजर्स के लिए 'Scheduled Messages' फीचर रोल आउट करना शुरू कर दिया है। कंपनी ने अपने ब्लॉग पोस्ट में बताया कि यूजर्स लंबे समय से इस फीचर की मांग कर रहे थे। इस सुविधा के जरिए अब मैसेज पहले से लिखकर उसके भेजने की तारीख और समय तय किया जा सकता है। यह सुविधा पर्सनल और ग्रुप चैट दोनों में उपलब्ध है।
इस फीचर के जरिए यूजर्स सिर्फ टेक्स्ट मैसेज ही नहीं, बल्कि फोटो, वीडियो और लिंक भी शेड्यूल कर सकते हैं। यूजर्स मौजूदा समय से कम से कम 10 मिनट बाद और अधिकतम 14 दिन पहले तक के लिए मैसेज शेड्यूल कर सकते हैं। इससे बर्थडे विश या किसी खास मौके का मैसेज भेजने के लिए तय समय पर ऑनलाइन रहने की जरूरत नहीं होगी।
कंपनी के मुताबिक, मैसेज भेजने के लिए फोन का इंटरनेट से कनेक्ट होना या WhatsApp का खुला रहना जरूरी नहीं है। शेड्यूल होने के बाद मैसेज WhatsApp के सर्वर पर चला जाता है और तय वक्त पर रिसीवर तक पहुंच जाता है। कंपनी का कहना है कि यह मैसेज एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से प्रोटेक्टेड रहेगा।
यूजर्स चैट की इन्फो स्क्रीन में शेड्यूल किए गए मैसेज देख सकते हैं और उन्हें डिलीट भी कर सकते हैं। कंपनी के अनुसार, मैसेज डिलीट करने पर सामने वाले को कोई नोटिफिकेशन नहीं जाएगा। फिलहाल कंपनी इस फीचर को दुनियाभर में Android और iOS यूजर्स के लिए रोल आउट कर रही है।
