रायपुर के Apple Store में हुई करीब 2 करोड़ रुपये की चोरी का बड़वानी कनेक्शन सामने आया है। पुलिस ने बड़वानी जिले के जुलवानिया से 1.5 करोड़ रुपये कीमत के 125 iPhone बरामद किए हैं। ये फोन कमाल खान मस्जिद के पास स्थित एक मकान में बॉक्स में पैक करके रखे गए थे। जुलवानिया थाना प्रभारी सौरभ बाथम के मुताबिक, चोरी के फोन ठिकाने लगाने की जिम्मेदारी संभाल रहे आरोपी सफान खान ने ये फोन कोरियर के जरिए मोहसिन के पास भेजे थे और उन्हें सुरक्षित रखने को कहा था। सफान खान मूल रूप से बड़वानी जिले के राजपुर क्षेत्र का रहने वाला है और कुछ साल पहले इंदौर शिफ्ट हो गया था। विदेश भागने की तैयारी में थे सफान खान, लेकिन मुंबई एयरपोर्ट के पास उसे गिरफ्तार कर लिया गया। रायपुर पुलिस ने उसे आगे की पूछताछ के लिए अपने साथ ले जाने से पहले राजपुर न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया।
पुलिस के मुताबिक, रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित आई नेक्स्ट इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के Apple Store में 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की दरमियानी रात चोरी हुई थी। बदमाश दुकान का शटर उठाकर 173 iPhone, Apple Watch, हेडफोन और एयरपॉड्स समेत करीब 2 करोड़ रुपये का सामान ले गए थे। आरोपी दुकान में लगा CCTV DVR भी निकालकर ले गए थे। इस मामले में तेलीबांधा थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 के तहत केस दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर तीन संदिग्धों की पहचान की। आरोपियों तक पहुंचने के लिए 250 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र के एक हजार से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले गए। इसके अलावा 1100 मोबाइल टावरों के डेटा और 10 लाख से अधिक मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया गया। करीब 25 दिनों तक चार राज्यों में 40 से अधिक पुलिसकर्मियों की मदद से कार्रवाई की गई। जांच में देवास जिले के टोंक खुर्द निवासी राजेश अजय सिंह झाला उर्फ राजेश झाला की भूमिका सामने आई।
पुलिस के अनुसार, राजेश झाला ने अपने बेटे राज झाला और साथी राजेश लोधी के साथ मिलकर चोरी करने और मोबाइल फोन इंदौर में सफान खान को सौंपने की बात कबूल की है। इस मामले में राजेश झाला और सफान खान गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि राज झाला और राजेश लोधी फरार हैं। पुलिस को आशंका है कि चोरी किए गए मोबाइल फोन बांग्लादेश और नेपाल तक भेजे जा रहे थे। गिरोह की अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
