रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मॉस्को में आयोजित AI जर्नी 2026 इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस के दौरान 16 साल के भारतीय AI इनोवेटर राउल जॉन अजू से मुलाकात की और आर्टिफिशिएल इंटेलिजेंस को लेकर उनकी समझ की तारीफ की। यह सम्मेलन गुरुवार 26 नवम्बर को आयोजित किया गया था। इस दौरान पुतिन ने कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव के साथ युवा AI इनोवेटर्स से बातचीत की।

बातचीत में केरल के रहने वाले अजू ने पुतिन से सवाल किया कि अगर वह AI की मदद से वीडियो गेम्स के जरिए गणित सीखे तो क्या वह बिना भटके मजेदार तरीके से नहीं सीख सकता। जवाब में पुतिन ने कहा कि बात सही है, लेकिन यह जानना जरूरी है कि चीजों को कैसे याद रखा जाए और कैसे सीखा जाए। उन्होंने AI को लेकर सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि एक खतरा यह है कि कोई व्यक्ति, खासकर युवा, कुछ भी याद नहीं करना चाहेगा और बिना खुद सोचे केवल AI का इस्तेमाल करेगा। पुतिन ने पूछा कि क्या AI पर निर्भर रहना शिक्षा प्रक्रिया के लिए खतरा नहीं है। इस पर अजू ने कहा कि AI पर पूरी तरह निर्भर रहने के बजाय उसके साथ मिलकर काम करना चाहिए।

अजू के काम का जिक्र करते हुए पुतिन ने कहा कि उनका काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेक इन इंडिया पहल को साकार करने में मदद करता है, क्योंकि इससे युवाओं को अपनी समस्याओं के समाधान खोजने और उन्हें लागू करने में मदद मिलती है। सम्मेलन में अजू को रूसी राष्ट्रपति के साथ व्यक्तिगत रूप से मिलने का मौका भी मिला और उन्होंने पुतिन के साथ एक सेल्फी ली। इस सम्मेलन में AI और रोबोटिक्स के क्षेत्र में काम करने वाले युवाओं को शामिल किया गया था, जहां शिक्षा, विज्ञान, मेडिकल, इकोनॉमी और कला के क्षेत्रों में AI के इस्तेमाल पर चर्चा की गई।

राउल जॉन अजू एक किशोर AI इनोवेटर हैं और उन्हें भारत का AI किड कहा जाता है। उन्होंने 12 साल की उम्र में ही अपना पहला ह्यूमनॉइड रोबोट मी-बॉट बनाया था। इंस्टाग्राम पर उन्हें 3.5 लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।