मद्रास हाईकोर्ट ने सोमवार को एक अहम फैसले में कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को अपराध की कमाई से बनी संपत्ति कुर्क करने के लिए अलग से सबूत देने की जरूरत नहीं है। ईडी को यह साबित नहीं करना होगा कि संपत्ति छिपाई जा सकती है या दूसरी जगह भेजी जा सकती है। यह मामला धनशोधन निवारण अधिनियम की धारा 5(1) से जुड़ा है।

न्यायमूर्ति जीआर स्वामीनाथन और न्यायमूर्ति पी. वडामलाई की खंडपीठ ने फैसले में हिरण्यकश्यप की पौराणिक कथा का जिक्र करते हुए कानून के व्यापक दायरे को समझाया। पीठ ने कहा कि कानून में कोई रास्ता निकालना आसान नहीं है और इसके लिए तेज दिमाग की जरूरत पड़ सकती है। अदालत ने कहा कि जैसे भगवान ने हिरण्यकश्यप के वरदान में रास्ता खोज लिया था, वैसे ही कोई तेज दिमाग वाला व्यक्ति धारा 3 में कोई छूटा हुआ पहलू खोज सकता है, लेकिन फिलहाल पीठ को ऐसा कोई पहलू नहीं मिला।

खंडपीठ के सामने ईडी की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई के खिलाफ कई अपीलें आई थीं। यह मामला मदुरै में कथित अवैध ग्रेनाइट खनन से जुड़ा था। सुनवाई के दौरान सवाल उठा कि क्या ईडी को संपत्ति कुर्क करने से पहले अलग से सबूत देना होगा। अदालत ने कहा कि ईडी के पास पर्याप्त सामग्री होनी चाहिए, जिससे यह विश्वास हो कि किसी व्यक्ति के पास अपराध की कमाई से बनी संपत्ति है। ऐसा होने पर संपत्ति छिपाने या दूसरी जगह भेजने की आशंका की शर्त भी पूरी मानी जाएगी। पीठ ने कहा कि अपराध की कमाई रखने वाला व्यक्ति उसे छिपा सकता है, दूसरी जगह भेज सकता है या किसी दूसरे तरीके से लेन-देन कर सकता है, और कुछ न करना भी संपत्ति को बेदाग दिखाने की कोशिश हो सकती है।

फैसले में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की सीमाओं पर भी चर्चा हुई। अपीलकर्ताओं ने दलील दी थी कि निर्णायक प्राधिकरण ने तमिल भाषा के कुछ दस्तावेजों पर भरोसा किया, जिनका अनुवाद नहीं कराया गया था। न्यायमूर्ति स्वामीनाथन ने इसे आसानी से उठाया जा सकने वाला मुद्दा बताया और कहा कि तकनीक ने अनुवाद का काम काफी आसान कर दिया है। अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश एस. अब्दुल नजीर से जुड़ा एक किस्सा सुनाया, जिसमें एआई ने तमिल में गलत अनुवाद किया। पीठ ने कहा कि एआई किसी सरकारी अधिकारी की तत्काल जरूरतों को पूरा कर सकता है, लेकिन किसी समझदार पाठक की सौंदर्यबोध से जुड़ी जरूरतों को कभी पूरा नहीं कर सकता। अदालत ने बिना अनुवाद वाले दस्तावेजों पर उठाई गई आपत्ति खारिज करते हुए सभी अपीलें खारिज कर दीं और ईडी की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई को बरकरार रखा।