महाराष्ट्र से उज्जैन दर्शन करने आए 28 वर्षीय हेमंत सपकाल की इंदौर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पेशे से कारपेंटर हेमंत के स्वजन ने हत्या और नरबलि की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि पैसों की वर्षा कराने का झांसा देकर उसे अघोरी पूजा और टोने-टोटके के जाल में फंसाया गया था। हालांकि, पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर नरबलि की बात से इन्कार किया है।

इंदौर पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में हेमंत एमजी रोड थाना क्षेत्र की एक बिल्डिंग में जाते दिखाई दिया। 15 और 16 नवंबर की दरमियानी रात वह इसी बिल्डिंग की ओर भागता हुआ नजर आया। कुछ देर बाद वह ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। एमजी रोड थाना प्रभारी विजयसिंह सिसोदिया का कहना है कि युवक के शरीर पर चोट के ऐसे निशान नहीं मिले हैं, जिनसे हत्या की पुष्टि हो सके। फिर भी जांच जारी है।

स्वजन हेमंत की मौत को सामान्य हादसा मानने से इन्कार कर रहे हैं। उनका दावा है कि हेमंत की तीन उंगलियां कटी हुई थीं। स्वजन ने विक्की नामक एक व्यक्ति पर संदेह जताते हुए उसकी भूमिका की जांच की मांग की है। उनका यह भी कहना है कि हेमंत ने फोन पर बातचीत के दौरान बताया था कि कुछ गुंडे उसके पीछे लगे हैं और उसकी हत्या हो सकती है। इसी आधार पर स्वजन को आशंका है कि उसे किसी साजिश के तहत अघोरी पूजा और नरबलि के लिए फंसाया गया होगा।