विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को अमेरिकी अदालत के उस आदेश पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल को दिल्ली की अदालतों के जरिये समन भेजने की बात कही गई है। प्रवक्ता ने कहा कि वह पहले भी कह चुके हैं कि ऐसे बेबुनियाद मुकदमों को खारिज किया जाता है।
वहीं, बांग्लादेश में ताजा हिंसा के बीच प्रधानमंत्री तारिक रहमान के बयान पर भी विदेश मंत्रालय से सवाल पूछा गया। इस पर जायसवाल ने कहा कि भारत का रुख पहले की तरह ही कायम है। उन्होंने कहा कि भारत बांग्लादेश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्य को ध्यान में रखकर संबंध चाहता है।
प्रवक्ता के मुताबिक, ऐसे संबंध दोनों देशों के साझा इतिहास और वहां के लोगों के साझा सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित होने चाहिए। उन्होंने साथ ही कहा कि बांग्लादेश के आंतरिक घटनाक्रम पर वह कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते।