गुजरात के मोरबी-राजकोट हाईवे पर सोमवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क पर कई बार पलट गई। हादसे में कार में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। घटना टंकारा के पास की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, कार सड़क पर करीब 7 बार पलटी। इस दौरान कार चालक और उसके बगल की सीट पर बैठा युवक हवा में करीब 20 फीट ऊंचे उछलकर जमीन पर गिरे, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पिछली सीट पर बैठा एक युवक मामूली रूप से घायल हुआ है। पलटती कार सड़क किनारे लगे ट्रांसफॉर्मर से भी टकराई। हादसे का CCTV फुटेज सामने आया है।
मृतकों की पहचान राजकोट निवासी अमन गणेशभाई बाबरिया (25 साल) और प्रभात कालूभाई लामका (28 साल) के रूप में हुई है। घायल 35 वर्षीय जीवण सवाभाई डाभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों युवक मंडप डेकोरेशन का काम करते थे और इसी सिलसिले में मोरबी आ रहे थे।
CCTV फुटेज में कार को तेज रफ्तार से जाते हुए देखा जा सकता है, जिसके बाद वह अचानक अनियंत्रित होकर पलटने लगती है। स्थानीय लोगों ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
