मुंबई के भिंडी बाजार इलाके में पाकमोडिया स्ट्रीट स्थित मुसफिखाना बिल्डिंग को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने गुरुवार सुबह से बुलडोजर से गिराना शुरू किया। यह इमारत दाऊद इब्राहिम का पुश्तैनी घर बताई जाती है और इसमें एक मस्जिद भी है। BMC के अनुसार, इमारत जर्जर हो चुकी थी और उसे C-1 श्रेणी में रखा गया था। दीवारों और छत के गिरने का खतरा होने के कारण यह कार्रवाई की जा रही है।
BMC ने स्पष्ट किया है कि सिर्फ इमारत का जर्जर हिस्सा गिराया जा रहा है, पूरी मस्जिद को नहीं गिराया जाएगा। स्थानीय लोगों के विरोध को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
उल्लेखनीय है कि दाऊद इब्राहिम और उसका गिरोह 1993 के मुंबई बम धमाकों से जुड़े मामले में भारत में वांटेड है। धमाकों के बाद से वह देश छोड़कर चला गया था। रिपोर्ट्स के अनुसार वह पाकिस्तान में है। NIA सूत्रों के मुताबिक, दाऊद कट्टर इस्लामिक विचारधारा फैलाने वालों की फंडिंग कर रहा है और उसने जाकिर नाइक के इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (IRF) को बड़ा डोनेशन दिया था। इसकी पुष्टि नाइक के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर आमिर गजदर ने भी की थी।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, दाऊद का भाई इकबाल कासकर भारत में उसका सारा काम देख रहा है। वह दाऊद के राइट हैंड छोटा शकील के संपर्क में था। इकबाल ठाणे के बिल्डर सुरेश देवीचंद मेहता की शिकायत के बाद जेल में है। उसके साथ उसके दो गुर्गों मुमताज शेख और इसरार अली को पहले ठाणे पुलिस और फिर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अरेस्ट किया है।
