मुंगेर जिले के धरहरा प्रखंड की औड़ाबगीचा पंचायत स्थित वार्ड संख्या 16 (रामराजपुर) में करीब 200 की आबादी वाले 50 परिवार रहते हैं, लेकिन पूरे गांव में महज दो मकान ही पक्के हैं। बाकी परिवार आज भी फूस और प्लास्टिक की झोपड़ियों में जीवन गुजारने को मजबूर हैं। ग्रामीणों के मुताबिक थोड़ी सी आंधी या बारिश आते ही उनकी सांसे अटक जाती हैं, झोपड़ियों की छतों से पानी टपकता है और तेज हवा में उजड़ने का डर बना रहता है।

आवास योजना के तहत कई बार सर्वे किया जा चुका है और कर्मियों ने घरों की तस्वीरें भी लीं, लेकिन गरीबों को अब तक पक्के मकान का लाभ नहीं मिल सका है। गांव की प्रमिला देवी, कर्मी देवी, राधे देवी और अवधेश मांझी ने बताया कि बार-बार कागजी औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला है। बरसात में गांव की कच्ची सड़कें कीचड़ से पट जाती हैं, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों का पैदल चलना भी दूभर हो जाता है।

स्वच्छता के नाम पर बनाया गया सामुदायिक शौचालय रखरखाव और पानी की व्यवस्था न होने से बदहाल पड़ा है। परिसर में गंदगी पसरी है और आसपास चापाकल या पानी का कनेक्शन न होने से ग्रामीण उसका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। हर घर नल-जल योजना की पाइपलाइन भी जगह-जगह बिखरी पड़ी है, जिससे घरों तक पेयजल नहीं पहुंच पा रहा है और लोगों को अन्य स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

धरहरा की बीडीओ रश्मि भारती ने बताया कि रामराजपुर गांव में हाल ही में सर्वे कराया गया है और सर्वे के दौरान सभी संभावित लाभुकों की दो-दो बार तस्वीरें भी ली गई हैं। फिलहाल विभाग से आवास योजना का नया लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ है। उच्च स्तर से नया लक्ष्य मिलते ही सबसे पहले महादलित परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मुहैया कराया जाएगा।