नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और अमेरिकी ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (डीईए) ने संयुक्त अभियान 'ऑपरेशन मॉनसून थंडर' के तहत एक संगठित अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के भारतीय मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। यह नेटवर्क कथित तौर पर अमेरिका में साइकोट्रोपिक पदार्थों और ओपिओइड/एनआरएक्स दवाओं की अवैध सप्लाई में शामिल था। खुफिया जानकारी के आधार पर एनसीबी ने हैदराबाद, दिल्ली, कोलकाता और लखनऊ सहित कई स्थानों पर छापेमारी की और चार से 13 नवंबर के बीच छह लोगों को गिरफ्तार किया।

जांच में मिले रिकॉर्ड और डिजिटल सबूतों से संकेत मिलता है कि इस नेटवर्क ने जून 2022 से नवंबर 2026 के बीच अमेरिका में लगभग 3,000 पार्सल भेजे, जिनमें करीब पांच लाख गोलियां थीं। जांच के दौरान 1,500 से अधिक गोलियों वाले कई शिपमेंट की पहचान की गई। डीईए के साथ अहम खुफिया जानकारी साझा की गई, जिसके आधार पर डीईए ने दो शिपमेंट जब्त किए। 59,000 से अधिक ग्राहकों का डेटाबेस भी डीईए के साथ साझा किया गया, जिसमें लेन-देन, डिलीवरी पते, यूएसपीएस ट्रैकिंग आईडी और दवाओं के प्रकार की जानकारी शामिल है।

जांच से पता चलता है कि यह नेटवर्क अपने शिपमेंट और ग्राहकों का विवरण गूगल शीट्स जैसे डिजिटल रिकॉर्ड में रखता था। भारतीय ऑपरेटरों को टेलीग्राम, स्काइप और व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए दवाओं के ऑर्डर मिलते थे, जिन्हें अमेरिका में सक्रिय नेटवर्क के जरिए डाक या यूनाइटेड स्टेट्स पोस्टल सर्विस से भेजा जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि भुगतान वेनमो, दूसरों के नाम पर खुले बैंक खातों, यूपीआई, क्रिप्टोकरेंसी और हवाला चैनलों के जरिए लिए जा रहे थे। अब इसकी जांच की जा रही है कि इस पैसे का फायदा किसे मिला।

भारत में गिरफ्तार व्यक्तियों के पास मौजूद रिकॉर्ड में मिले डिजिटल डेटा और दवाओं के ब्रांडों से संकेत मिलता है कि ये पदार्थ संभवतः कई देशों से मंगाए जा रहे थे। इनके सटीक स्रोत, हासिल करने के तरीकों और अंतरराष्ट्रीय आवागमन की जांच की जा रही है, ताकि पूरी सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके। एनसीबी ने कहा कि यह ऑपरेशन संगठित ड्रग तस्करी नेटवर्क की पहचान करने और उन्हें खत्म करने के उसके लगातार प्रयासों को दर्शाता है, और एजेंसी डिजिटल प्लेटफॉर्म, डाक सेवाओं और सीमा पार सप्लाई चेन के दुरुपयोग को रोकने के लिए प्रतिबद्ध है।